गंदगी और अव्यवस्था में घिरा बुढार का बुधवार बाजार, लोगों की बढ़ी परेशानी
शहडोल। नगर परिषद बुढार में हर बुधवार लगने वाला साप्ताहिक बाजार इन दिनों अव्यवस्थाओं के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है। रेलवे स्टेशन के पीछे सिंधी बाजार से विक्रमपुर मार्ग तक फैलने वाला यह बाजार क्षेत्र के कई गांवों के लिए प्रमुख खरीदारी केंद्र है, लेकिन यहां आने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।बाजार स्थल पर जगह-जगह गंदा पानी जमा है और नालियां ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बह रही हैं। कचरे के ढेर, बदबू और मक्खियों की भरमार के बीच व्यापारी अपनी दुकानें लगाने को मजबूर हैं। ग्राहकों को भी इसी गंदगी के बीच से गुजरकर सब्जियां और अन्य जरूरी सामान खरीदना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से यहां बाजार लग रहा है, लेकिन साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर नगर परिषद की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई। स्वच्छता को लेकर किए जा रहे दावे इस बाजार की स्थिति को देखकर खोखले नजर आते हैं।
व्यापारियों की स्थिति भी चिंताजनक है। उन्हें जमीन पर ही प्लास्टिक या कपड़ा बिछाकर बैठना पड़ता है, जहां नीचे गंदगी और नमी बनी रहती है। इससे खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता पर सवाल उठने लगे हैं।

आने वाले बारिश के मौसम को लेकर भी लोग चिंतित हैं। उनका कहना है कि अभी से जलभराव की स्थिति है, ऐसे में बरसात में हालात और बिगड़ जाएंगे और बाजार पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो सकता है।
इसके अलावा सड़क किनारे लगने वाले इस बाजार के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। बुधवार को यहां जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
स्वास्थ्य के लिहाज से भी यह स्थिति गंभीर है। गंदगी के बीच खाद्य सामग्री की बिक्री से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बाजार से जरूरी सामान के साथ बीमारियों का डर भी साथ आता है।
नगर परिषद बुढार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि बाजार से शुल्क वसूला जाता है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर कोई ठोस इंतजाम नहीं किए जाते।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने मांग की है कि बुढार में एक व्यवस्थित स्थायी सब्जी मंडी का निर्माण किया जाए, जहां सफाई, जल निकासी, बैठने की व्यवस्था और पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हों।
बुढार का यह साप्ताहिक बाजार फिलहाल अव्यवस्था और गंदगी की समस्या से जूझ रहा है। यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो यह बाजार आम लोगों के लिए परेशानी और स्वास्थ्य संकट का कारण बन सकता है।