स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर निकाला जाएगा कैंडल मार्च
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर निकाला जाएगा कैंडल मार्च

कटनी॥ आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में कैंडल मार्च का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कैंडल मार्च को लेकर अधिकारियों विभिन्न दायित्व सौंपे हैं। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त की शाम 8 बजे कैंडल मार्च का आयोजन किया गया है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने नागरिकों, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम सहित महाविद्यालयों से इस कैंडल मार्च में सहभागिता की अपील की है। कैंडल मार्च मिशन चौक वार्डस्ले स्कूल के गेट के सामने से प्रारंभ होकर सिटी कोतवाली से स्टेट बैंक तिराहा होते हुए एमजीएम हास्पिटल चौराहे पर रानी लक्ष्मी बाई की प्रतिमा के समक्ष समाप्त होगा। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित हो रहे इस कैंडल मार्च का उद्देश्य अपने वीर सपूतों, स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के बलिदान को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित करना है। जिन्होंने रक्त की अंतिम बूंद देकर हम सबको आजादी दिलाई है। आजादी की लड़ाई में कटनी के रणबांकुरों ने हंसते-हंसते अपनी जिंदगी न्यौछावर कर दी। कैंडल मार्च के माध्यम से कटनी के नागरिक अपने शहीदों का पुण्य स्मरण कर नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।