उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम अंतर्गत राज्य व्यापी महा परीक्षा 22 मार्च को*

0

मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 20 मार्च 2026/उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत राज्य व्यापी महा परीक्षा 22 मार्च रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें शिक्षार्थी अपनी सुविधानुसार आंकलन परीक्षा में सम्मिलित हो सकेगें। जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी ने बताया कि उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में परीक्षार्थियों की सुविधा के अनुसार नजदीक के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के 384 परीक्षा केन्द्र बनाये गयें है, जिसमें साक्षरता केन्द्रों में उल्लास प्रवेशिका के सात अध्याय पूर्ण कर चुके शिक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।

महा परीक्षा की तैयारी हेतु विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक, संकुल शैक्षिक समन्वयकों की बैठक लेकर परीक्षा की तैयारी तथा शिक्षार्थियों की शत् प्रतिशत उपस्थिति हेतु निर्देशित किया गया है। तीनों विकासखण्डों में ग्राम प्रभारी शिक्षकों की बैठक कर स्वयंसेवी शिक्षकों के माध्यम से निरंतर कक्षा संचालन हेतु निर्देशित किया गया है। साथ ही कक्षा नवमी से बारहवीं तक के छात्र, छात्राओं को जिन्हें बोनस अंक प्राप्त होना है उनके द्वारा भी 22 मार्च की परीक्षा में अपने दस शिक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक सम्मिलित करने हेतु प्राचार्य को निर्देशित किया गया है।

कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण जीपीएम द्वारा परीक्षा केन्द्रों में संकुल शैक्षिक समन्वयक तथा परीक्षा केन्द्रो में केन्द्राध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक सह मूल्यांकनकर्ता की नियुक्ति आदेश जारी किया गया है। परीक्षा पूर्व वातावरण निर्माण के लिए प्रचार-प्रसार जैसे-नारा लेखन, रैली, शिक्षार्थी पर्ची का वितरण, आंमत्रण, न्यौतापाती, मुनादी की जा रही है। परीक्षा केन्द्र में शिक्षार्थियों के लिए पेयजल, बैठक एवं अन्य समुचित व्यवस्था हेतु स्थानीय स्तर पर किये जाने के लिए विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों की निर्देश दिये गये है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत पंचायत विभाग के कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधियों को भी सहयोग की अपील की गई है एवं परीक्षा दिवस पूर्व गांव वातावरण निर्माण हेतु नारा लेखन ,मुनादी करने के निर्देश जारी किए गए हैं। जिला महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र के कार्यकर्ता एवं सहायिका को 22 मार्च परीक्षा दिवस पर सहयोग करने हेतु आवेशित किया गया है। 22 मार्च कोआयोजित परीक्षा के मॉनिटिरिंग हेतु जिला एवं विकास खण्ड स्तर पर अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, तथा जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर कंट्रोल रुम भी स्थापित किया गया है।

जिला नोडल अधिकारी श्री मुकेश कोरी ने अवगत कराया कि उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 15 वर्ष से अधिक ऐसे महिला, पुरुष शिक्षार्थियों को सम्मिलित किया जाना है जो शिक्षा की मुख्य धारा में सम्मिलित नही है। शिक्षार्थियों को स्वयंसेवी शिक्षकों द्वारा उल्लास प्रवेशिका के सात अध्याय का अध्यापन कार्य 200 घटें में पूर्ण कराया जाता है। शिक्षार्थियों को प्रश्न पत्र हल करने के लिए 3 घटें का समय दिया जायेगा प्रश्न पत्र के तीन भाग है। पहला भाग-पढना, दूसरा भाग लिखना एवं तीसरा भाग-गणित प्रत्येक भाग 50 अंक का होगा। प्रत्येक भाग में न्यूनतम 20 अंक प्राप्त करने वाले शिक्षार्थी सफल माने जायेगे, सफल परीक्षर्थियों को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान दिल्ली द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदाय किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed