जनसुनवाई में पहुंचे फरियादी, एसपी ने सुनीं समस्याएं,त्वरित निराकरण के दिए निर्देश पारिवारिक विवाद से लेकर जमीन पर कब्जे और वित्तीय धोखाधड़ी तक की शिकायतें पहुंचीं, संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

0

जनसुनवाई में पहुंचे फरियादी, एसपी ने सुनीं समस्याएं,त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
पारिवारिक विवाद से लेकर जमीन पर कब्जे और वित्तीय धोखाधड़ी तक की शिकायतें पहुंचीं, संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
कटनी। आमजन की समस्याओं को सुनने और पुलिस से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कटनी में जनसुनवाई आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच और समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में पारिवारिक विवाद, आर्थिक लेन-देन, जमीन एवं मकान पर कब्जे, वित्तीय धोखाधड़ी और महिला अपराध सहित विभिन्न मामलों में लोगों ने अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं।
जनसुनवाई के दौरान एसपी ने आवेदकों से सीधे चर्चा कर उनकी समस्याओं को समझा और संबंधित राजपत्रित पुलिस अधिकारियों तथा थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कुछ मामलों में मौके पर ही कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया, जबकि अन्य प्रकरणों में दूरभाष के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
दस्तावेजों के दुरुपयोग से ऋण लेने और ब्लैकमेलिंग की शिकायतें भी पहुंचीं
जनसुनवाई में पारिवारिक एवं पड़ोस संबंधी विवाद, दस्तावेजों का दुरुपयोग कर ऋण लेने से जुड़ी धोखाधड़ी, पैसों के लेन-देन में विवाद, मकान और दुकान पर अवैध कब्जे, महिला द्वारा ब्लैकमेलिंग, वित्तीय धोखाधड़ी, प्लॉट एवं भूमि विवाद तथा महिला अपराध से संबंधित शिकायतें सामने आईं। कुछ आवेदकों ने पुलिस द्वारा उनकी शिकायतों पर सुनवाई नहीं किए जाने की बात भी रखी।
निष्पक्ष जांच और समयबद्ध समाधान पर जोर
पुलिस अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को अपनी बात रखने का अवसर उपलब्ध कराने के साथ पुलिस से संबंधित समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया को गति देना रहा।
जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा, एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी तथा डीएसपी अनिमेष द्विवेदी सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed