अतिक्रमण पर निगम का डंडा: 03 ट्रक सामान जब्त, बाजार से लेकर अस्पताल तक रास्ते हुए साफ

0
पुराने शहर के व्यस्त बाजारों, रिहायशी इलाकों और हमीदिया अस्पताल क्षेत्र में चला अभियान, अवैध दीवार–फेंसिंग और पक्के निर्माण भी तोड़े
(संजीव दुबे)
भोपाल।लगातार बढ़ते अतिक्रमण से जूझ रहे भोपाल को नगर निगम की ताज़ा कार्रवाई से बड़ी राहत मिली है। सोमवार को नगर पालिक निगम भोपाल ने जिला प्रशासन और भवन अनुज्ञा शाखा के सहयोग से शहर के कई इलाकों में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जे हटाए गए और कुल 03 ट्रक अतिक्रमण सामग्री जब्त की गई।
नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन, कॉल सेंटर और नियमित निरीक्षण के दौरान मिली शिकायतों के आधार पर की। अभियान का मुख्य उद्देश्य यातायात को सुचारु बनाना, पैदल यात्रियों को सुरक्षित रास्ता देना और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त करना रहा।
पुराने भोपाल के बाजारों में सख्ती
मंगलबाजार, आजाद मार्केट, बुधवारा गेट, दरियाखां, मोती मस्जिद, जामा मस्जिद, सिंधी मार्केट और पुरानी चौक जैसे अत्यंत व्यस्त इलाकों में दुकानों के बाहर रखा अवैध सामान हटाया गया। यहां से ठेले, गुमटी, पान पार्लर, अस्थायी काउंटर, टेबल, शेड, बोर्ड समेत कई तरह की सामग्री जब्त की गई, जिससे बाजारों में फैली अव्यवस्था कम हुई।
दूसरे चरण में शहर के अन्य इलाके
अभियान के दूसरे चरण में कोलार तिराहा, सूरज नगर, नीलबड़, कोटरा सुल्तानाबाद, बरखेड़ा कला, जाटखेड़ी, ईशानगर, विदिशा रोड, एम.पी. नगर जोन-1, जे.के. रोड, शाहजहांनाबाद, सुभाष चौक, रिज़वान पार्क, अशोका गार्डन, परिहार चौक, ईदगाह और जहांगीराबाद में भी कार्रवाई की गई। यहां भी दुकानों के बाहर रखे गए अवैध सामान और ठेले-गुमटी हटाए गए।
हमीदिया अस्पताल क्षेत्र में राहत
हमीदिया अस्पताल के आसपास की गई कार्रवाई को खास तौर पर सराहा जा रहा है। यहां अवैध दीवार और फेंसिंग को संयुक्त कार्रवाई में हटाया गया, जिससे मरीजों, परिजनों और एंबुलेंस की आवाजाही आसान हुई। निहाल हॉस्पिटल के पास बंद किया गया रास्ता भी खुलवाकर आम जनता के लिए फिर से चालू किया गया।
पक्के निर्माण भी तोड़े
निशातपुरा क्षेत्र में 02 अवैध पिलर और हमीदिया रोड क्षेत्र में 01 पक्का कमरा तोड़ा गया। इन अवैध निर्माणों के कारण सड़क संकरी हो गई थी और ट्रैफिक प्रभावित हो रहा था।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
नगर निगम अधिकारियों ने साफ किया कि अतिक्रमण के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। निगम ने दुकानदारों और नागरिकों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण न करें और शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करें।
शहरवासियों का कहना है कि यदि इसी तरह नियमित अभियान चलते रहे, तो भोपाल को अतिक्रमण मुक्त और बेहतर यातायात व्यवस्था वाला शहर बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed