शातिर चोर गिरफ्तार, चुराए गए सोने-चांदी के जेवर बरामद
शातिर चोर गिरफ्तार, चुराए गए सोने-चांदी के जेवर बरामद
कटनी।। थाना प्रभारी उमरियापान महेंद्र कुमार जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चोरी की वारदात का त्वरित पर्दाफाश करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। वर्षा लोधी निवासी पकारिया ने थाना उमरियापान में शिकायत दर्ज कराई थी कि दिनांक 04.08.2026 की दरमियानी रात किसी अज्ञात चोर ने उनके घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरातों से भरी पेटी पार कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 250/2026 (धारा 331(4), 305(a) BNS) पंजीबद्ध कर अज्ञात आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान महिला ने अजीत उर्फ जित्तू कोल के उनके घर लगातार आने-जाने की जानकारी देते हुए उस पर अपना संदेह व्यक्त किया। इस सुराग को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही की और संदेही आरोपी अजीत उर्फ जित्तू कोल पिता बल्लू कोल, निवासी बरौदा, थाना उमरियापान को हिरासत में लिया। जब पुलिस ने आरोपी से गहनता और कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात सुरक्षित बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी अजीत कोल को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जिला जेल कटनी भेज दिया गया है।