नववर्ष से पहले ढीमरखेड़ा पुलिस का नशे पर जीरो टॉलरेंस सुरक्षा, शांति और अनुशासन के लिए चला विशेष चेकिंग अभियान

0

नववर्ष से पहले ढीमरखेड़ा पुलिस का नशे पर जीरो टॉलरेंस
सुरक्षा, शांति और अनुशासन के लिए चला विशेष चेकिंग अभियान
कटनी/ढीमरखेड़ा।। नव वर्ष के आगमन को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अनुशासित बनाए रखने के उद्देश्य से ढीमरखेड़ा पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध विशेष एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं अनुभागीय अधिकारी श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ढाबों, होटल-रेस्टोरेंट, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी एवं सघन चेकिंग की जा रही है। पुलिस द्वारा विशेष रूप से नशे की हालत में वाहन चलाने वालों, सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों तथा अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इस दौरान पुलिस टीम द्वारा ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट एवं अन्य वैधानिक धाराओं के अंतर्गत त्वरित कार्रवाई की जा रही है, जिससे क्षेत्र में कानून का भय और सुरक्षा का विश्वास दोनों मजबूत हुआ है। ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नव वर्ष का उत्सव शालीनता, संयम और कानून के दायरे में मनाएं। नशे से दूर रहें तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही सुरक्षित, शांतिपूर्ण और खुशहाल नव वर्ष संभव है। ढीमरखेड़ा पुलिस की यह पहल न केवल अपराध नियंत्रण की दिशा में एक मजबूत कदम है, बल्कि समाज को नशा मुक्त और सुरक्षित वातावरण देने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed