डीआईजी अतुल सिंह ने हाई अलर्ट मोड में तय की अपराध नियंत्रण की नई रणनीति पुलिस को दिए निर्णायक निर्देश और रोडमैप

0

डीआईजी अतुल सिंह ने हाई अलर्ट मोड में तय की अपराध नियंत्रण की नई रणनीति पुलिस को दिए निर्णायक निर्देश और रोडमैप
कटनी।। जबलपुर रेंज के डीआईजी अतुल सिंह ने कटनी प्रवास के दौरान कंट्रोल रूम में उच्चस्तरीय बैठक लेकर जिले की पुलिस व्यवस्था की गहन समीक्षा की। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा सहित सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में पिछले दो माह की कार्यवाही, उपलब्धियों और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपराध नियंत्रण, लक्ष्य प्राप्ति और विभिन्न मामलों में मिली सफलता का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। डीआईजी अतुल सिंह ने केंद्र सरकार के नशामुक्त भारत के लक्ष्य को प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में मादक पदार्थों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए सख्त और सुनियोजित अभियान चलाया जाए। उन्होंने शेडो एरिया चिन्हित कर सप्लाई चेन ब्रेक करने, नशा पीड़ितों के पुनर्वास और व्यापक जनजागरूकता के माध्यम से समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में पुराने लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई, विशेष रूप से धारा 173 (8) के तहत लंबित मामलों और जिनमें गिरफ्तारी शेष है, उन पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि लंबित मामलों का त्वरित निराकरण प्राथमिकता में रखा जाए।
इसके साथ ही 1 अप्रैल 2026 से प्रारंभ ऑपरेशन मुस्कान को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। डीआईजी ने कहा कि यह अभियान सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि बिछड़े बच्चों को उनके परिवार से मिलाकर वास्तविक मुस्कान लौटाने का प्रयास है। उन्होंने पिछले दो माह में दूरदराज शहरों से नाबालिगों की बरामदगी पर संतोष जताते हुए इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। समापन में डीआईजी ने स्पष्ट संदेश दिया कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ-साथ समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना कायम रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *