महिला की आबरू पर शराबी लिपिक ने फेरा हाथ

0

महिला की आबरू पर शराबी लिपिक ने फेरा हाथ

प्रोफेसर के बाद अब लिपिक ने किया आईजीएनटीयू को बदनाम

विश्वविद्यालय के सामने किराने दुकान में सिगरेट के लिये दिया घटना को अंजाम

विश्वविद्यालय के सामने संचालित किराने की दुकान में तकरीबन 9:30 बजे रात्रि को सिगरेट लेने के लिये आईजीएनटीयू का शराबी लिपिक पहुंचा, जहां दुकान में मौजूद महिला के साथ अभ्रद्रता करते हुये उसके आबरू तक जा पहुंचा। बमुश्किल बीच-बचाव के बाद लिपिक भाग निकला, लेकिन जाते जाते खानदान को समाप्त करने की धमकी भी दे गया।

अनूपपुर। जिले की बिगड़ती कानून व्यवस्था और पुलिस की लचर कार्यप्रणाली के कारण एक माह में दर्जनों ऐसी घटनाएं घट चुकी है, जिससे जिला शर्मसार हो चुका है। बीते दिनों हुये दोहरे हत्याकांड के बाद अलग-अलग थानों में न्याय ना मिलने पर महिला व पुरूष ने फांसी लगा ली थी, मारपीट व चोरी की घटना तो आम हो चली है, लेकिन अब महिला भी असुरक्षित महसूस करने लगी है। लोगों में पुलिस का भय समाप्त होता जा रहा है, जिससे शराबी और गुडां पृवत्ति के लोगों द्वारा खुलेआम महिला के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने में कोई गुरेज नहीं कर रहे हैं।

ऐसे दिया घटना को अंजाम

 

इंदिरा गांधी जनजातीय विश्वविद्यालय में पदस्थ लोवर डिवीजन कर्लक रोहित यादव शराब के नशे में विश्वविद्यालय के मुख्यद्वार के सामने संचालित किराने की दुकान में 20 जून की रात्रि लगभग 9:30 बजे पहुंचा था, जहां दुकान में मौजूद महिला से सिगरेट की मांग की, महिला ने सिगरेट दिया, कुछ देर बाद एक और सिगरेट की लिपिक ने मांग की, जिस पर दुकानदार ने सिगरेट समाप्त होने की बात कही। जिसके बाद शराबी लिपिक गाली-गालौज करने लगा, महिला दुकानदार के विरोध करने पर सीधे दुकान के काउंटर पर चढ़ गया और महिला की दुपट्टे को पकडक़र खींच दिया, इतना ही नहीं मारपीट करते हुये उसके आबरू तक जा पहुंचा। महिला के चिल्लाने के बाद बीच-बचाव के लिये पहुंचे ग्रामीणों के बाद शराबी लिपिक ने जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला।

पुलिस ने की एफआईआर दर्ज

उक्त घटना के बाद 21 जून को थाना अमरकंटक पहुंचकर महिला एवं उसके पति कृष्ण कुमार गुप्ता तथा पुत्र राहुल गुप्ता ने अपने साथ हुये घटना क्रम को पुलिस के समक्ष रखा गया, जिसके बाद पुलिस ने लिपिक रोहित यादव पर अपराध पंजीबद्ध करते हुये धारा 452, 354 (ख), 294, 323, 506 कायम कर विवेचना कर रही है। गौरतलब हो कि विश्वविद्यालय का यह पहला मामला नहीं है, इसके पूर्व कई प्रोफेसरों पर गंभीर मामला अमरकंटक थाने में दर्ज है। सूत्रों के अनुसार लिपिक रोहित यादव कई तरह के नशे के आगोश में जकड़ा हुआ है, विश्वविद्यालय परिसर के अंदर भी कई बार नशे में लिपिक को देखा गया है।

डर के साये में परिवार

ेविश्वविद्यालय के सामने किराने की दुकान में घटना को अंजाम देने के बाद नशेडी लिपिक रोहित यादव अपने गुर्गो के साथ दुकान संचालक को जान से मारने की धमकी दे रहा है, विश्वविद्यालय के एग्रीकल्चर विभाग में पदस्थ अदना सा बाबू बदला लेने की भावना से दुकान के आसपास घूमते नजर आ रहा था, जिससे पीडि़त गुप्ता परिवार डरा सहमा हुआ है। अगर पुलिस व विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा कार्यवाही करते हुये कठोर फैसला नहीं लिया तो यह नशेडी लिपिक कोई बड़ी घटना को अंजाम देने में जरा सा भी नहीं कतरायेगा।

नशे से विश्वविद्यालय का नाता

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय लालपुर अमरकंटक, एशिया में भले ही प्रसिद्धि के लिये जाना जाता है, लेकिन खराब प्रबंधन के कारण आये दिन गंभीर तरह की घटनाओं के लिये अपनी पहचान बना चुका है, पूर्व में प्रोफेसर व लिपिकों पर दर्जनो मामले पंजीबद्ध हो चुके हैं, कई बार नशे के रूप में पाये जाने वाली सामग्री परिसर के अंदर देखा गया है। विश्वविद्यालय के बाहर से सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद विश्वविद्यालय परिसर के अंदर मादक पदार्थो का पहुंचना प्रबंधन को कटघरे में खड़ा कर रहा है।

इनका कहना है-

मामले को गंभीरता से लेते हुये एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जिले में अंशाति फैलाने वाले गुंडो व बदमाशो को छोड़ा नहीं जायेगा। पुलिस विवेचना कर रही है, कार्यवाही अवश्य की जायेगी।

अभिषेक राजन

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर

—————————

मुझे इसकी जानकारी अभी नहीं है, प्रबंधन के पास जैसे ही जानकारी आती है, कार्यवाही के लिये उच्चाधिकारियों को प्रेषित किया जायेगा।

विजय दीक्षित, पीआरओ

आईजीएनटीयू अमरकंटक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *