बोर्ड परीक्षा से पहले शिक्षा विभाग सख्त, डीईओ ने स्कूलों में कसी नकेल

0

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।

जिले में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी का निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में उन्होंने आज हायर सेकेण्डरी स्कूल लालपुर का औचक निरीक्षण किया, जिससे स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जब शिक्षकों के उपस्थिति रजिस्टर की जांच की गई तो यह सामने आया कि संस्था के पाँच शिक्षक बिना किसी वैध कारण के अवकाश लेकर अनुपस्थित थे। इस गंभीर लापरवाही को अध्यापन कार्य में उदासीनता मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने सभी अनुपस्थित शिक्षकों का एक दिन का वेतन अवैतनिक करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही डीईओ ने विद्यालय में कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य सहित संबंधित शिक्षकों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि सभी विद्यार्थियों को प्रतिदिन नियमित रूप से स्कूल बुलाया जाए तथा परीक्षा पूर्व तक निरंतर और गंभीरता से अध्यापन कार्य कराया जाए, जिससे विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में सफल हो सकें।

निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों द्वारा अपने-अपने विषयों में विद्यार्थियों से लिए गए टेस्ट की कॉपियों का भी गहन अवलोकन किया और शिक्षण गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा मिडिल स्कूल लालपुर सहित अन्य विद्यालयों का भी निरीक्षण किया गया। इन विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई तथा शिक्षक समय पर उपस्थित मिले।

इस निरीक्षण अभियान के दौरान उल्लास साक्षरता कार्यक्रम के नोडल अधिकारी आलोक शुक्ला भी जिला शिक्षा अधिकारी के साथ उपस्थित रहे। डीईओ ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed