अहमद नगर में 80 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, बनेगी सीसी रोड और आंगनबाड़ी भवन महापौर प्रीति संजीव सूरी और पार्षद उमेद्र अहिरवार की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश
अहमद नगर में 80 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, बनेगी सीसी रोड और आंगनबाड़ी भवन
महापौर प्रीति संजीव सूरी और पार्षद उमेद्र अहिरवार की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश
कटनी।। नगर निगम द्वारा वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में राम मनोहर लोहिया वार्ड क्रमांक 5 के अहमद नगर में लगभग 80 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। गुरुवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य उमेद्र अहिरवार सहित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में लगभग 66 लाख 47 हजार रुपये की लागत से सीसी रोड तथा करीब 13 लाख रुपये की लागत से आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ।
महापौर सूरी ने कहा कि बेहतर सड़कें नागरिकों की दैनिक जरूरतों से जुड़ी हैं और क्षेत्र के विकास को गति देती हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने की बात कही। साथ ही नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाने की अपील की।
पार्षद उमेद्र अहिरवार ने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से प्रतीक्षित मांगें पूरी होंगी। उन्होंने महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए वार्ड में सड़क, नाली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।
भूमिपूजन कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, रेखा तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, समाजसेवी डॉ. सुनील द्विवेदी, विजय ठाकुर, नसीम खान, डॉ. खान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।