एफआरव्ही आरक्षक से अभद्रता और मारपीट, भागे बदमाश, पुलिस ने बोहता बायपास से दबोचा

0

एफआरव्ही आरक्षक से अभद्रता और मारपीट,
भागे बदमाश, पुलिस ने बोहता बायपास से दबोचा
कटनी।। थाना कोतवाली पुलिस ने एफआरव्ही ड्यूटी में तैनात आरक्षक के साथ मारपीट, अभद्रता एवं शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चाकू बरामद होने पर प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
जानकारी के अनुसार 21 जून 2026 की देर रात लगभग 2 बजे एफआरव्ही-05 में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक रूपेश यादव को गांधी स्कूल के पीछे चाण्डक चौक क्षेत्र से इवेंट प्राप्त हुआ। मौके पर पहुंचने पर कॉलर ने बताया कि गप्पू उर्फ पारस बर्मन एवं उसके साथियों ने गाली-गलौज कर उत्पात मचाया और वहां से भाग निकले।
इवेंट से लौटते समय आजाद चौक के पास पुलिस ने स्कूटी सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उनकी पहचान पारस उर्फ गप्पू बर्मन, अभिलाष उर्फ अब्बू सेन एवं गणेश उर्फ गन्नू रजक के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार घटना के संबंध में पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने एकराय होकर आरक्षक के साथ अभद्रता की, शासकीय कार्य में बाधा डाली और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने किसी नुकीली वस्तु से हमला कर आरक्षक को घायल कर दिया, जिससे उनके पैर में चोट आई और रक्तस्राव होने लगा। एफआरव्ही चालक के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आरक्षक रूपेश यादव की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 679/2026 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के द्वारा विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर सूचना एवं साइबर सेल की सहायता से पुलिस ने बोहता बायपास क्षेत्र से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से चाकू बरामद होने पर प्रकरण में धारा 25 आर्म्स एक्ट भी जोड़ी गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में
• पारस उर्फ गप्पू बर्मन — निवासी बाबली टोला, मरही माता मंदिर के पास, आजाद चौक
• अभिलाष उर्फ अब्बू सेन — निवासी कैलवारा फाटक
• गणेश उर्फ गन्नू रजक — निवासी हीरापुर कौड़िया, थाना एनकेजे
थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, ऋषभ बघेल, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र तिवारी, अनिल सेंगर, वीरेन्द्र सिंह, पुष्पराज सिंह, उमेश सिंह, आर. अजय प्रताप सिंह, उपेंद्र सिंह, अमित सिंह, दीपक तिवारी, विकास राय, मंसूर हुसैन, अजीत सिंह सहित थाना स्टाफ एवं साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed