अर्बन स्कूल के नये भवन निर्माण की राशि हुई स्वीकृत

0

शासन ने 2 करोड़ 59 लाख रुपए किया स्वीकृति

शहडोल। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 समग्र शिक्षा प्रणाली को रटने की पुरानी प्रथा से अलग व्यवहारिक समझ और वास्तविक ज्ञान की ओर ले जाने के लिए संभाग में शिक्षा का केंद्र बिंदु कहे जाने वाले अर्बन बेसिक स्कूल को चुना गया। इस स्कूल का कायाकल्प करने के वास्ते मध्यप्रदेश शासन ने 2 करोड़ 59 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की है । इस राशि से अर्बन स्कूल का नया भवन जो अत्याधुनिक सुविधाओं से भरपूर होगा, निर्मित किया जाएगा। यह जानकारी देते हुये संस्था के प्रधानाध्यापक सुदामा तिवारी ने बताया कि इस विराट वसुंधरा की पावन धरती पर इसी अर्बन स्कूल ने अनेक प्रतिभावान छात्रों को बौद्धिक संपन्न बनाकर समाज को सौंपा जायेगा।

श्री तिवारी ने कहा कि यहां से पढ़ कर निकले छात्र विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक पदों से लेकर सर्वोच्च प्रशासनिक पदों पर विराजमान हैं। इनमें दीपक सिंह आईएएस ग्वालियर में कमिश्नर के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसी स्कूल के छात्र रहे हैं दिलीप राज द्विवेदी जो इस वक्त वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के निजी सचिव हैं, वे इसी स्कूल के छात्र रह चुके हैं। इस स्कूल का चयन करने और इसे राशि आवंटित कराने में दिलीप राज द्विवेदी ने जो अहम भूमिका का निर्वहन किया है, उसके लिए यही कहा जाएगा कि उन्होंने सच्चे अर्थों में छात्र धर्म निभाया है। पूरे शहर के लिए यह हर्ष की बात है कि शहडोल को अत्याधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण एक नया स्कूल भवन उपलब्ध होने जा रहा है।

इसी संबंध में अर्बन बेसिक स्कूल के छात्र रह चुके संतोष अग्रवाल इंजीनियर, महेंद्र सराफ पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष, अनुपम अनुराग अवस्थी वरिष्ठ भाजपा नेता, राकेश कटारे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, राजेश गुप्ता हीरो मोटरसाइकिल प्रतिष्ठान के संचालक, मनोज गुप्ता टीवीएस मोटरसाइकिल प्रतिष्ठान के संचालक, अमित निगम प्राध्यापक अजय बिजरा प्रतिष्ठित नागरिक एवं एलआईसी मुख्य सलाहकार, डॉ संपूर्णानंद दुबे आदि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

*********

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed