जनता से किए वादे भूल, पूंजीपतियों से किए वादे निभा रही सरकार: सिद्धू
कोयला उद्योग को निजी हाथों की कठपुतली बनाना चाहती है केंद्र सरकार
(Santons Tandon +7987303454)
धनपुरी। श्रमिक संगठन एचएमएस की सामान्य परिषद की बैठक आरसी क्लब में संपन्न हुई, इस बैठक में शामिल होने के लिए हिंद मजदूर सभा के राष्ट्रीय महामंत्री हरभजन सिंह सिद्धू का पहली बार सोहागपुर क्षेत्र में आगमन हुआ, सामान्य परिषद की बैठक के पूर्व सोहागपुर गेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई, इस पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कोयला मजदूर सभा के राष्ट्रीय महामंत्री नाथूलाल पांडे ने कहा कि वर्तमान में केंद्र में बैठी सरकार पूरे देश में निजी करण की आंधी लाना चाह रही है, बैक डोर से कोयला उद्योग का निजी करण करना चाह रही है, अपनी इसी नीति को हकीकत का अमली जामा पहनाते हुए निजी उद्योग पतियों को कॉल ब्लॉक अलॉटमेंट किए जा रहे हैं, विचारपुर और बरतरा में भी बहुत ही जल्द निजी कोयला खदानें शुरू होने जा रही है । सरकार की ऐसी मंशा है कि उन्हें पूरे देश में ऐसे 500 कोल ब्लॉक की नीलामी करते हुए निजी हाथों में सौंपना है, देश की सरकारों से लंबी लड़ाई लडऩे के बाद हमने मजदूरों को उनका हक दिल गया था, आज कोयला मजदूरों को अच्छा वेतन प्रोविजनल फंड ग्रेजुएटी आदि सुविधा जो मिल रही है, उसके लिए श्रमिक संगठनों ने लंबी लड़ाई लड़ी थी, लेकिन वर्तमान में सत्ता संभाल रही सरकार मजदूरों के हितों पर डाका डालने की पूरी तैयारी कर चुकी है।
मजदूरों के हित होंगे खत्म
श्रम कानूनों में जो संशोधन किए गए हैं उसके बाद मजदूरों के हित पूरी तरह से खत्म हो जाएंगे, श्रमिकों का शोषण पुराने श्रमिक औद्योगिक कानूनों के होते हुए भी हो रहा था, परंतु वर्तमान भारत सरकार ने मौजूदा 29 श्रम कानूनों को चार संहिता में परिवर्तित करके निजी मालिकों को ज्यादा मुनाफा और सबको के अधिक शोषण करने का रास्ता साफ कर दिया है, सरकार ने वेतन संहिता 2019 वेतन भुगतान अधिनियम 1936 न्यूनतम वेतन अधिनियम 1948 बोनस भुगतान अधिनियम 1965 और सामान वेतन अधिनियम 1976 को मिलाया गया है, औद्योगिक संबंध संहिता 2020 के तहत औद्योगिक रोजगार स्थाई आदेश अधिनियम 1946 औद्योगिक विवाद अधिनियम 1947 एवं ट्रेड यूनियन एक्ट 1926 को मिलाया गया है, केंद्र सरकार कोयला उद्योग को निजी हाथों की कठपुतली बना देना चाह रही है, लेकिन श्रमिक संगठन हिंद मजदूर सभा सरकार के इस षड्यंत्र को कभी भी सफल नहीं होने देगा।
पूंजीपतियों से किए वादे निभा सरकार
श्रमिक संगठन हिंद मजदूर सभा की सामान्य परिषद की बैठक में शामिल होने के लिए पहली बार सोहागपुर क्षेत्र आए राष्ट्रीय महामंत्री हरभजन सिंह सिद्धू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2014 में लोकसभा चुनाव के पहले देश की जनता के साथ जो लोकलुभावन वादे किए थे, उसे भूल कर केंद्र सरकार चुनाव के पहले पूंजीपतियों से किए हुए अपने वादे निभा रही है, आपदा को अवसर मानने की नीति पर चलने वाली यह सरकार देश के चंद उद्योगपतियों के हाथों की कठपुतली बन चुकी है, कोरोना महामारी के दौरान जब सारे देश की अर्थव्यवस्था लगातार चौपट होती जा रही थी, देश का मजदूर हजारों किलोमीटर की पैदल यात्रा करने को मजबूर हो रहा था, लोग दो वक्त की रोटी का इंतजाम करने तक में असमर्थ थे, ऐसे समय में देश के चंद उद्योगपतियों की कुल संपत्ति दो गुना हो गई थी।
निजी हाथों की कठपुतली है सरकार
केंद्र सरकार की कोयला उद्योग एवं अन्य पब्लिक सेक्टर से जुड़े उद्योगों को निजी करण करने की नीति का पालन करते हुए नीति आयोग ने यह फैसला लिया है कि 76 पब्लिक सेक्टर उद्योगों को निजी हाथों में सौंप दिया जाएगा। कोयला उद्योग देश की सरकारों को 61 हजार करोड़ टैक्स देता है, लाखों परिवार कोयला उद्योग से चलते हैं, कोयला मजदूर अपनी मेहनत से देश के विकास में सदियों से अपना महत्वपूर्ण योगदान देता आया है, लेकिन झूठ बोलने में माहिर यह सरकार पूरे देश में एक सफेद झूठ फैला रही है कि कोयला उद्योग घाटे में चलता है, देश को बिजली बनाने के लिए जितने कोयले की आवश्यकता है, कोयला उद्योग उतनी आपूर्ति नहीं कर पा रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि कोल इंडिया 70 प्रतिशत आपूर्ति करता है, केंद्र में बैठी है सरकार निजी हाथों की कठपुतली बन चुकी है।
श्रमिक हित की लड़ाई लडऩा हमारा धर्म
कोयला मजदूर सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रेशम लाल यादव ने कहा कि केंद्र सरकार श्रमिक हितों को खत्म करने वाले नए कानून ला रही है देश के बड़े-बड़े उद्योगपति कोयला उद्योग की तरफ ललचाई हुई नजरों से देख रहे हैं, लेकिन उन्हें शायद इस बात का अंदाजा नहीं है कि श्रमिकों के हितों की लड़ाई लडऩा कोयला मजदूर सभा का धर्म है, मजदूरों के हितों पर डाका डालने वाली इस सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों का हम सभी पुरजोर विरोध करेंगे। वार्ता के दौरान कंपनी वेलफेयर बोर्ड मेंबर बजरंगी शाही पीआईएल सेफ्टी बोर्ड मेंबर अख्तर जावेद कंपनी सेफ्टी बोर्ड मेंबर आनंद मिश्रा बैकुंठपुर क्षेत्र के एचएमएस एरिया अध्यक्ष हरि यादव कोतमा एरिया के एचएमएस अध्यक्ष श्री कांत शुक्ला सोहागपुर क्षेत्र के एचएमएस अध्यक्ष शशि भूषण शुक्ला महामंत्री शिव नारायण मिश्रा कार्यवाहक अध्यक्ष ओंकार द्विवेदी बाबूलाल त्रिपाठी रामायण द्विवेदी सुरेश शर्मा बिहारी लाल पांडे सूर्यकांत मिश्रा बिहारी लाल साहू विकास पांडे मूसा खान गंगा चतुर्वेदी एवं मयंक मिश्रा प्रमुख रूप से उपस्थित थे।