बुढ़ार में पहली बार सजेगी भव्य ‘सिंधु गरबा नाइट्स 2026’, नवरात्रि में उमड़ेगा सिंधी समाज का उत्साह
सिंधु भवन में शुरू हुई गरबा की तैयारियां,
16 अक्टूबर को सृजा श्री में होगा भव्य
आयोजन | महिलाओं और बच्चों की
विशेष भागीदारी
बुढ़ार। नवरात्रि के पावन पर्व को यादगार बनाने के लिए बुढ़ार में सिंधी समाज द्वारा इस वर्ष भव्य ‘सिंधु गरबा नाइट्स 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। पूज्य सिंधी पंचायत एवं सिंधु युवा शक्ति के संयुक्त तत्वावधान में होने वाला यह आयोजन समाज के लिए उत्साह, आस्था और सांस्कृतिक एकता का विशेष अवसर बनने जा रहा है। आयोजकों ने इसे समाज के पारंपरिक उत्सव और नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।
गरबा नाइट का आयोजन 16 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को शाम 7 बजे से सृजा श्री, बुढ़ार में किया जाएगा। आयोजन में पारंपरिक गरबा एवं डांडिया की धुनों के साथ माता रानी की आराधना और भक्ति का रंग देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में सिंधी समाज की महिलाओं एवं बच्चों की विशेष भागीदारी रहेगी।
आयोजन की तैयारियों को लेकर 2 अक्टूबर से सिंधु भवन बुढ़ार के प्रांगण में गरबा प्रैक्टिस भी शुरू हो गई है। आयोजकों द्वारा प्रतिभागियों से समय पर पंजीयन कराने की अपील की गई है। 3 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन कराने वाले प्रतिभागी गरबा अभ्यास में शामिल हो सकेंगे। पंजीयन के लिए व्हाट्सऐप के माध्यम से प्राप्त संपर्क नंबरों पर संपर्क करने की व्यवस्था की गई है।
आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन केवल गरबा नाइट नहीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक सहभागिता और सामाजिक एकजुटता का उत्सव होगा। नवरात्रि के दौरान होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। डांडिया की खनक और गरबा की पारंपरिक ताल के बीच माता रानी की भक्ति से बुढ़ार में नवरात्रि का माहौल और भी भक्तिमय एवं उत्सवी होने की उम्मीद है।