36 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन तीन वार्डों में सड़क-नाली निर्माण को मिली रफ्तार विधायक संदीप जायसवाल बोले विकास के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य भी प्राथमिकता

0

36 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन तीन वार्डों में सड़क-नाली निर्माण को मिली रफ्तार
विधायक संदीप जायसवाल बोले विकास के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य भी प्राथमिकता
कटनी।। शहर के विभिन्न वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए नगर निगम द्वारा 36 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत 6 विकास कार्यों का भूमिपूजन संपन्न हुआ। यह कार्य मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना के तहत विधायक संदीप जायसवाल की अनुशंसा पर किए जा रहे हैं। शनिवार को आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक श्री जायसवाल, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक, क्षेत्रीय पार्षदों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। इस दौरान अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।
इन कार्यों का हुआ भूमिपूजन
नगर निगम द्वारा जिन कार्यों की शुरुआत की गई, उनमें लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में 10 लाख रुपये से सीसी सड़क निर्माण,आचार्य विनोबा भावे वार्ड में 13 लाख रुपये से दो स्थानों पर सीसी नाली निर्माण,शिवाजी वार्ड में 9 लाख रुपये से दो सीसी सड़क एवं 4 लाख रुपये से नाली निर्माण कार्य शामिल हैं.इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन एवं जल निकासी की सुविधाएं मिलेंगी।
समग्र विकास में शिक्षा और स्वास्थ्य जरूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री जायसवाल ने कहा कि शहर का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब भौतिक संसाधनों के साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत हों। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा समाज को सशक्त बनाती है, वहीं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं नागरिकों के स्वस्थ जीवन की आधारशिला होती हैं।
समरूपता से हो रहा विकास निगमाध्यक्ष
निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में संतुलित और समरूप विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग की अपील भी की।
चौपाल में सुनी समस्याएं, दिए समाधान के निर्देश
भूमिपूजन के बाद विधायक श्री जायसवाल ने क्षेत्र में चौपाल लगाकर नागरिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान लोगों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। उन्होंने वार्डों में रामायण मंडली के लिए हारमोनियम, ढोलक, मजीरा और साउंड सिस्टम उपलब्ध कराने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षदों सहित नगर निगम के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *