अंतरजिला चोर गिरोह पर जीआरपी कटनी का बड़ा खुलासा ट्रेनों में यात्रियों को बनाते थे निशाना, 10.30 लाख के चोरी के सोने के जेवरात बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार

0

अंतरजिला चोर गिरोह पर जीआरपी कटनी का बड़ा खुलासा
ट्रेनों में यात्रियों को बनाते थे निशाना, 10.30 लाख के चोरी के सोने के जेवरात बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार
कटनी।। ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने वाले एक सक्रिय अंतरजिला चोर गिरोह का जीआरपी कटनी ने पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 लाख 30 हजार 848 रुपये मूल्य के चोरी के सोने के जेवरात बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपियों में दो निगरानी बदमाश हैं, जिनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

रेल पुलिस अधीक्षक जबलपुर के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शरद उर्फ गोलू झारिया, अमित सिंह खगार, सौरभ कुल्हाडा, राहुल ठाकुर और हर्ष खगार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह लंबे समय से ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने का हार, तीन मंगलसूत्र, एक जोड़ी झुमके, एक जोड़ी टॉप्स, दो सोने की अंगूठियां तथा एक सोने की बाली बरामद की है। जब्त किए गए आभूषणों की कुल कीमत 10,30,848 रुपये आंकी गई है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरोह के दो मुख्य आरोपी जीआरपी थाना कटनी के निगरानी बदमाश हैं और उनके खिलाफ पूर्व से चोरी सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों के अन्य राज्यों और जिलों में सक्रिय नेटवर्क तथा पुरानी वारदातों का भी पता लगा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की गई है। पूरे अभियान में जीआरपी एवं आरपीएफ कटनी की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस उल्लेखनीय सफलता पर रेल पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed