पैसों के लेनदेन के विवाद में चली गोली, दो आरोपी गिरफ्तार; पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस जब्त
पैसों के लेनदेन के विवाद में चली गोली, दो आरोपी गिरफ्तार; पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस जब्त
कटनी।। थाना स्लीमनाबाद पुलिस ने ग्राम पडरभटा में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के दौरान फायरिंग करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल एवं पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं, जबकि मामले के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पडरभटा निवासी फरियादी चैतु प्रसाद कोल उर्फ सनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 जुलाई की रात लगभग 8 से 8:30 बजे वह अपने घर के सामने बने कमरे से जन्मदिन कार्यक्रम के लिए साउंड बॉक्स निकाल रहा था। इसी दौरान उसका भाई दुर्गा कोल पास की किराना दुकान पर खड़ा था। तभी ग्राम बिछुआ निवासी विवेक हल्दकार अपने चार साथियों के साथ मोटरसाइकिल और स्कूटी से वहां पहुंचा और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद करने लगा।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने दुर्गा कोल के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के सामने एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर दुर्गा कोल पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। हालांकि दुर्गा ने समय रहते आरोपी का हाथ झटक दिया, जिससे गोली ऊपर निकल गई और बड़ा हादसा टल गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस दौरान आरोपी भागने लगे, लेकिन भागते समय मोटरसाइकिल सवार दो आरोपी अनियंत्रित होकर गिर पड़े, जिन्हें पुलिस ने मौके से पकड़ लिया। वहीं तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 443/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत विवेचना शुरू की। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीलेश उर्फ सत्यम उर्फ निहाल चौधरी 26 वर्ष, निवासी ग्राम सहजनी, थाना बड़वारा तथा मनीष कुशवाहा 26 वर्ष, निवासी ग्राम बिछुआ, चौकी निवार, थाना माधवनगर के रूप में हुई। पुलिस ने नीलेश चौधरी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और पांच जिंदा राउंड जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। थाना स्लीमनाबाद पुलिस के अनुसार, मामले के मुख्य आरोपी विवेक हल्दकार, शुभम कोरी तथा एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।