रचना नगर कॉलोनी में अवैध गांजा खेती का भंडाफोड़, युवक गिरफ्तार कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, 726 ग्राम गांजे के पौधे जब्त
रचना नगर कॉलोनी में अवैध गांजा खेती का भंडाफोड़, युवक गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, 726 ग्राम गांजे के पौधे जब्त
कटनी।।:मादक पदार्थों के विरुद्ध कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रचना नगर कॉलोनी में अवैध रूप से उगाए जा रहे गांजे के पौधों को जब्त कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस स्टैंड चौकी क्षेत्र अंतर्गत रचना नगर कॉलोनी की गली नंबर 02 में एक युवक अपने घर के समीप खाली पड़ी कब्जे की भूमि पर अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के घर के बगल स्थित भूमि पर गांजे के कई हरे पौधे लगे मिले। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 726 ग्राम वजनी गांजे के पौधों को जड़ सहित उखाड़कर जब्त कर लिया। मामले में पुलिस ने आरोपी अक्षत कुमार जार (23), पिता आनंद कुमार जार, निवासी रचना नगर कॉलोनी, गली नंबर 02 को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 662/26 दर्ज कर धारा 8 एवं 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।