खबर का असर: तहसील चौक में जलभराव की समस्या पर हुई त्वरित कार्रवाई, अस्थाई जल निकासी के लिए बनाई गई नाली
गौरेला। तहसील चौक क्षेत्र में लंबे समय से जलभराव की समस्या के कारण मुख्य मार्ग क्षतिग्रस्त हो रहा था और आवागमन भी बाधित हो रहा था। सड़क किनारे पानी जमा रहने से राहगीरों एवं वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, वहीं लगातार नमी के कारण सड़क की सतह भी खराब होती जा रही थी।
इस गंभीर समस्या को लेकर समाचार प्रकाशित किए जाने के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने मामले को संज्ञान में लिया। विभाग के कार्यपालन अभियंता नित्या कुमारी ठाकुर (ईई) के त्वरित आदेश पर मौके पर अस्थाई रूप से जल निकासी की व्यवस्था करने के लिए नाली का निर्माण कराया गया।
नाली बनाए जाने से सड़क पर जमा पानी की निकासी शुरू हो सकेगी और मुख्य मार्ग को लगातार हो रहे नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी। स्थानीय नागरिकों ने विभाग की इस त्वरित कार्रवाई को राहतभरा कदम बताया है।
हालांकि क्षेत्रवासियों का कहना है कि अस्थाई व्यवस्था के साथ भविष्य में जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान भी किया जाना आवश्यक है, ताकि बारिश के दिनों में तहसील चौक क्षेत्र में पुनः ऐसी स्थिति निर्मित न हो।