नवरात्रि से पहले सड़क एवं पेयजल कार्य पूर्ण करने के निर्देश निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने लक्ष्मी पान भंडार से जय हिंद चौक तक किया निरीक्षण
नवरात्रि से पहले सड़क एवं पेयजल कार्य पूर्ण करने के निर्देश
निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने लक्ष्मी पान भंडार से जय हिंद चौक तक किया निरीक्षण
कटनी।। आगामी नवरात्रि पर्व को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने गुरुवार को लक्ष्मी पान भंडार से जय हिंद चौक तक मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीवर कार्य से प्रभावित सड़क के रेस्टोरेशन तथा अमृत-2 योजना के अंतर्गत बिछाई जा रही पेयजल पाइपलाइन के कार्यों की प्रगति का स्थल पर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान निगमाध्यक्ष ने मौके पर उपस्थित पीडीएमसी के विशाल सैनी, हार्दिक पटेल सहित संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति, प्रगति तथा निर्धारित समय-सीमा की जानकारी ली।
मनीष पाठक ने निर्देश दिए कि नवरात्रि पर्व प्रारंभ होने से पहले सीवर कार्य के कारण क्षतिग्रस्त सड़क के रेस्टोरेशन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान प्रमुख मार्गों पर नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में निर्माण एवं पाइपलाइन संबंधी कार्य समय-सीमा में पूर्ण कर मार्गों को सुगम एवं व्यवस्थित रखना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य में अनावश्यक विलंब से बचने तथा गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निगमाध्यक्ष ने अमृत-2 योजना के तहत बिछाई जा रही पेयजल पाइपलाइन के कार्य की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि जहां तक संभव हो, पाइपलाइन बिछाने का कार्य नवरात्रि से पूर्व पूर्ण कर सड़क एवं मार्ग को व्यवस्थित स्थिति में लाया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्य आवश्यक हैं, लेकिन निर्माण के दौरान नागरिकों को होने वाली असुविधा को न्यूनतम रखना भी निगम की जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान निगमाध्यक्ष ने स्थानीय नागरिकों से भी चर्चा की और उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देते हुए कहा कि शहर के विकास के साथ नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। पर्व-त्योहारों के दौरान नागरिकों को बेहतर आवागमन एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है।
उन्होंने कार्यस्थल पर सुरक्षा, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए, ताकि निर्माण कार्य के कारण आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान पीडीएमसी के विशाल सैनी, हार्दिक पटेल, पार्थ पटेल, भरत नरेंद्र शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर वार्ड के क्षेत्रीय नागरिक संजय गुप्ता, कमल नारायण सिंह, विक्की गुप्ता, चिंटू गुप्ता, मुन्ना भाईजान, सादिक भाईजान, अशोक दीक्षित, मनीष चौरसिया, गोल्डी एवं शंकर निषाद सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।