मजदूर की शिकायत पर इंटक की पहल, लेबर ठेकेदार को दिलाए गए ₹10 हजार
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मजदूरी भुगतान को लेकर हुई शिकायत का समाधान करते हुए राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश सचिव एवं जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने आपसी समझौते के माध्यम से लेबर ठेकेदार को ₹10 हजार की बकाया राशि दिलवाई।
जानकारी के अनुसार, गौरेला निवासी लेबर ठेकेदार राकेश नामदेव ने अपने साथ काम करने वाले मजदूरों के साथ जिला कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने एक शासकीय कर्मचारी के यहां मजदूरी का कार्य कराया था, लेकिन तय राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा था।
शिकायत मिलने के बाद इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने दोनों पक्षों को कार्यालय बुलाकर पूरे मामले की सुनवाई की। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनी और मौके पर ही राकेश नामदेव को ₹10 हजार का भुगतान कराया गया, जिसके बाद विवाद समाप्त हो गया।
मीडिया से चर्चा करते हुए इदरीस अंसारी ने बताया कि मामला एक छोटी राशि के भुगतान का था। जांच और बातचीत में यह स्पष्ट हुआ कि एडवांस राशि को लेकर गलतफहमी के कारण विवाद उत्पन्न हुआ था। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की सहमति से मामले का शांतिपूर्ण समाधान करा दिया गया।
जब संबंधित शासकीय कर्मचारी का नाम पूछने पर इदरीस अंसारी ने उसका खुलासा करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “किसी मजदूर या लेबर ठेकेदार की शिकायत के आधार पर मैं किसी शासकीय कर्मचारी की छवि धूमिल नहीं करना चाहता। दोनों पक्षों को बुलाकर मजदूर का पैसा दिला दिया गया है और मामला समाप्त हो गया है।”
इंटक की इस पहल से मजदूरों और लेबर ठेकेदार को राहत मिली तथा बिना किसी कानूनी विवाद के मामले का समाधान हो गया।