ग्राम बगड़ी में मनाया गया जल अर्पण दिवस: योजना पूर्ण होने पर कलेक्टर ने प्रदान किए जल अर्पण प्रमाण पत्र*
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 20 मार्च 2026/लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत 8 से 22 मार्च तक आयोजित जल पखवाड़ा के तहत नल जल योजना पूर्ण होने पर विभिन्न ग्राम पंचायतों मे जल अर्पण दिवस मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज मरवाही विकासखंड के ग्राम बगड़ी में जल अर्पण दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी, सीईओ जिला पंचायत मुकेश रावटे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नन्दनी आर्मो सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणजनों और विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति में भारत माता की छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। 
कलेक्टर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जल संरक्षण का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है, इसलिए पानी की बर्बादी रोकना, अधिक से अधिक पेड़ लगाना तथा सोखता गड्ढों का निर्माण करना आवश्यक है, ताकि भू जल स्तर बना रहे। उन्होंने ग्रामीणों से जल कर समय पर जमा करने की अपील भी किया, जिससे ग्राम विकास कार्यों को गति मिल सके। योजना पूर्ण होने पर कलेक्टर ने पंचायत को जल अर्पण प्रमाण पत्र भी प्रदान किए। कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्रीमती प्रिया सोनी ने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर नल जल योजना की जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत बगड़ी में 60 हजार लीटर क्षमता की पानी की टंकी का निर्माण किया गया है, जिसके माध्यम से 337 घरों को जल कनेक्शन प्रदान किया गया है।