कटनी बना युवाओं के रोजगार का मॉडल, युवा संगम आयोजन में प्रदेश में प्रथम कलेक्टर आशीष तिवारी के नेतृत्व को मिली राज्य स्तर पर सराहना, रोजगार आयुक्त ने भेजा प्रशंसा पत्र
कटनी बना युवाओं के रोजगार का मॉडल, युवा संगम आयोजन में प्रदेश में प्रथम
कलेक्टर आशीष तिवारी के नेतृत्व को मिली राज्य स्तर पर सराहना, रोजगार आयुक्त ने भेजा प्रशंसा पत्र
कटनी।। मध्यप्रदेश में रोजगार सृजन के क्षेत्र में कटनी जिला एक मिसाल बनकर उभरा है। युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेलों के उत्कृष्ट आयोजन के चलते कटनी ने प्रदेश के सभी 55 जिलों में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर राज्य शासन के रोजगार आयुक्त, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग ने कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की सराहना करते हुए प्रशंसा पत्र प्रेषित किया है। रोजगार आयुक्त गिरीश शर्मा ने अपने पत्र में कलेक्टर श्री तिवारी के नेतृत्व और मार्गदर्शन की प्रशंसा करते हुए लिखा कि उनके निर्देशन में किए गए प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं और भविष्य में भी ऐसे ही सहयोग की अपेक्षा है। जिले में आयोजित युवा संगम कार्यक्रम के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। जिला रोजगार अधिकारी डी.के. पासी ने जानकारी देते हुए बताया कि अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक कुल 10 रोजगार मेलों का सफल आयोजन किया गया। इन मेलों में 2,894 बेरोजगार युवाओं का प्रारंभिक चयन कर उन्हें ऑफर लेटर प्रदान किए गए। साथ ही 371 युवाओं का चयन अप्रेंटिसशिप के लिए किया गया।
इतना ही नहीं, स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इन मेलों में 10,706 आवेदकों ने ऋण प्राप्त करने के लिए आवेदन किया, जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक है। यह उपलब्धि न केवल कटनी जिले की कार्यकुशलता को दर्शाती है, बल्कि युवाओं के भविष्य को संवारने की दिशा में प्रशासन की प्रतिबद्धता को भी उजागर करती है। जिले की यह सफलता अन्य जिलों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है। युवा संगम के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित कर जिला प्रशासन ने यह साबित कर दिया है कि सुनियोजित प्रयासों से बेरोजगारी जैसी चुनौती का प्रभावी समाधान संभव है।