सड़क पर बैठा तेंदुआ, राहगीरों में मची अफरा-तफरी दिनदहाड़े गांव के पास नजर आया वन्यजीव, वन विभाग ने कराई मुनादी; ग्रामीणों से जंगल में अकेले नहीं जाने की अपील

0

सड़क पर बैठा तेंदुआ, राहगीरों में मची अफरा-तफरी
दिनदहाड़े गांव के पास नजर आया वन्यजीव, वन विभाग ने कराई मुनादी; ग्रामीणों से जंगल में अकेले नहीं जाने की अपील
कटनी। रीठी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आदिवासी बाहुल्य ग्राम नेगवां में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ दिनदहाड़े सड़क पर बैठा दिखाई दिया। सड़क पर तेंदुए की मौजूदगी देखकर राहगीरों में कौतूहल के साथ दहशत का माहौल बन गया। कुछ ही देर में तेंदुए को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बताया गया कि नेगवां शासकीय विद्यालय के प्राचार्य विपिन तिवारी अपने स्टाफ के साथ वाहन से स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें सड़क के बीचों-बीच तेंदुआ बैठा नजर आया। वाहनों की आहट होने पर तेंदुआ सड़क किनारे झाड़ियों की ओर चला गया, लेकिन काफी देर तक जंगल के भीतर नहीं गया और आसपास ही मौजूद रहा।
तेंदुए के सड़क पर दिखाई देने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में इसकी चर्चा फैल गई। ग्रामीणों के अनुसार, नेगवां और आसपास के जंगल क्षेत्र में तेंदुए सहित अन्य वन्यजीवों की आवाजाही पहले भी देखी जाती रही है। दिन के समय तेंदुए के सड़क किनारे पहुंचने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
सूचना मिलते ही वन विभाग हुआ सक्रिय
प्राचार्य विपिन तिवारी द्वारा वन विभाग को सूचना दिए जाने के बाद वन अमला तत्काल सक्रिय हो गया। रीठी रेंजर महेश पटेल ने बताया कि तेंदुए की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम को मौके पर तैनात किया गया है। टीम तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
गांव में कराई मुनादी
ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं और विशेषकर सुबह एवं शाम के समय सावधानी बरतें। क्षेत्र में वनकर्मियों की गश्त भी बढ़ा दी गई है।
वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब जाने या भीड़ लगाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed