लग्जरी बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश: 7 चोरी की बाइक बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

0

शहडोल। जिले में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच अमलाई पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो शादी-समारोहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़ी बाइकों को निशाना बनाकर चोरी करता था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन तिवारी और दीपू सिंह के रूप में हुई है। वहीं मंगेश सिंह और नमन केवट फरार बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरोह पहले शादी-पार्टियों और सार्वजनिक आयोजनों में पहुंचकर रेकी करता था। जहां भी बिना लॉक या असुरक्षित स्थिति में बाइक खड़ी मिलती, वहां अमन तिवारी कुछ ही मिनटों में डायरेक्ट कनेक्शन कर बाइक स्टार्ट कर लेता था और साथी दीपू सिंह उसकी मदद से वाहन लेकर फरार हो जाता था।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चोरी के बाद बाइकें सीधे गैराज तक पहुंचाई जाती थीं, जहां उनके पार्ट्स निकालकर अन्य वाहनों में फिट कर दिए जाते थे। इससे चोरी की गाड़ियों की पहचान करना मुश्किल हो जाता था। पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़ी गतिविधियों की भी जांच शुरू कर दी है।

मामले में अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पाण्डेय ने बताया कि पुलिस को लगातार बाइक चोरी की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद विशेष टीम गठित कर निगरानी और जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से बुलेट, स्कूटी, सीडी डीलक्स सहित सात चोरी की बाइक बरामद की गई हैं, जिनमें दो महंगी लग्जरी बाइक भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि गिरोह के दो अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी अमन तिवारी का नाम पूर्व में गुजरात के एक मंदिर से प्रतिमा चोरी के मामले में भी सामने आ चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाने के साथ-साथ चोरी के अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed