बड़वारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 60 लीटर अवैध महुआ शराब सहित आरोपी गिरफ्तार
बड़वारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 60 लीटर अवैध महुआ शराब सहित आरोपी गिरफ्तार
कटनी।। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बड़वारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 60 लीटर अवैध महुआ की कच्ची शराब जब्त की है।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना बड़वारा पुलिस क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर अवैध शराब कारोबारियों पर निगरानी रख रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बड़वारा के लखाखेरा स्टेशन रोड स्थित भार जंगल क्षेत्र में एक व्यक्ति महुआ की हाथ भट्टी से निर्मित अवैध शराब बिक्री के उद्देश्य से लेकर खड़ा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस स्टाफ एवं गवाहों की सहायता से उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम महेश गोड़ (29 वर्ष), पिता बाबूलाल गोड़, निवासी ग्राम जगतपुर उमरिया मदारी टोला, थाना बड़वारा, जिला कटनी बताया। आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों में रखे चार प्लास्टिक गुम्मों की तलाशी ली गई, जिनमें लगभग 60 लीटर अवैध महुआ की कच्ची शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी से शराब रखने एवं बिक्री संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए विवेचना शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक कृष्ण कुमार पटेल, सहायक उप निरीक्षक सतेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक आरिफ हुसैन, आरक्षक गौरीशंकर, आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी एवं महिला आरक्षक रुपाली यादव की सराहनीय भूमिका रही।