शहडोल में खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: 200 घनमीटर अवैध रेत नष्ट, 10 टन अवैध कोयला जब्त

0

शहडोल। कलेक्टर शहडोल के निर्देशन एवं खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रभारी खनि निरीक्षक शहडोल ने पुलिस विभाग ब्यौहारी के साथ संयुक्त रूप से तहसील ब्यौहारी के विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। क्षेत्र में खनिज रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खनिज विभाग द्वारा 12 जून 2026 को ग्राम जमोड़ी एवं नौढिया में कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान ग्राम जमोड़ी स्थित शासकीय भूमि पर तीन अवैध रेत भंडारण स्थलों तथा ग्राम नौढिया में एक अवैध रेत भंडारण स्थल का पता चला। यहां से लगभग 200 घनमीटर अवैध रूप से संग्रहित रेत बरामद की गई। उक्त रेत लावारिस अवस्था में पाई गई, जिसे विभाग द्वारा जब्त कर जेसीबी मशीन की सहायता से मिट्टी मिलाकर नष्ट कर दिया गया, ताकि उसका दोबारा उपयोग न किया जा सके।

इसी कड़ी में 14 जून 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बुढार, तहसीलदार बुढार, थाना प्रभारी अमलई तथा प्रभारी खनि निरीक्षक शहडोल की संयुक्त टीम ने तहसील बुढार अंतर्गत ग्राम बटुरा के विभिन्न क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान लगभग 10 टन खनिज कोयला अवैध रूप से भंडारित पाया गया। कोयला लावारिस अवस्था में मिलने पर उसे जब्त कर थाना अमलई की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर शहडोल के निर्देशानुसार अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने खनिज माफियाओं को चेतावनी देते हुए कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में जानकारी सहायक खनि अधिकारी राहुल शांडिल्य द्वारा प्रदान की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *