महापौर जनसुनवाई बनी जनता के लिए राहत का मजबूत माध्यम महीनों से लंबित समस्याओं का मौके पर समाधान, नागरिकों में दिखा संतोष,56 आवेदनों में 27 का तुरंत समाधान

0

महापौर जनसुनवाई बनी जनता के लिए राहत का मजबूत माध्यम
महीनों से लंबित समस्याओं का मौके पर समाधान, नागरिकों में दिखा संतोष,56 आवेदनों में 27 का तुरंत समाधान
कटनी।। नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान की दिशा में नगर निगम द्वारा आयोजित महापौर जनसुनवाई कार्यक्रम अब जनता के लिए एक भरोसेमंद राहत मंच के रूप में उभर रहा है। मंगलवार को नगर निगम कार्यालय स्थित मेयर इन काउंसिल कक्ष में आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी शिकायतें लेकर पहुँचे और उन्हें सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिला।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने स्वयं उपस्थित रहकर विभिन्न वार्डों से आए नागरिकों की समस्याएँ गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवेदनों पर प्राथमिकता के साथ निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को महीनों तक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान सड़क मरम्मत, सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, खाद्य पर्ची, अतिक्रमण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र तथा नाली-नालों से जुड़ी समस्याओं के आवेदन प्राप्त हुए। महापौर ने प्रत्येक प्रकरण पर व्यक्तिगत रूप से विचार करते हुए कई मामलों का तत्काल समाधान कराया, जिससे नागरिकों को मौके पर ही राहत मिली। 10 फरवरी मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कुल 56 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 27 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों पर संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनसुनवाई में आए नागरिकों ने कहा कि लंबे समय से लंबित समस्याओं पर तुरंत सुनवाई और कार्रवाई से उनमें प्रशासन के प्रति नया विश्वास जगा है। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनता से सीधा संवाद बनाए रखने और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के लिए आगामी प्रत्येक मंगलवार को निर्धारित समय पर महापौर जनसुनवाई आयोजित की जाती रहेगी। महापौर जनसुनवाई अब न सिर्फ शिकायतों का मंच है, बल्कि आम नागरिकों को राहत, विश्वास और समाधान देने की एक प्रभावी पहल बनती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed