दशहरा महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न दुर्गा समितियों ने प्रशासन से सड़क, बिजली, सफाई, यातायात और विसर्जन व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की
दशहरा महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न
दुर्गा समितियों ने प्रशासन से सड़क, बिजली, सफाई, यातायात और विसर्जन व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की
कटनी। आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को लेकर कटनी में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को शेर चौक स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में कटनी दशहरा महोत्सव समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की विभिन्न दुर्गा समितियों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान आगामी दशहरा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से डीएसपी रत्नेश मिश्रा एवं कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे भी उपस्थित रहीं। उन्होंने दुर्गा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की और आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। दुर्गा समितियों ने भी पुलिस एवं प्रशासन के साथ सहयोग और समन्वय बनाए रखने का संकल्प लिया।
दशहरा महोत्सव समिति की ओर से ललित सोनी, अमर ताम्रकार, रौनक खंडेलवाल, प्रदीप द्विवेदी, हितेंद्र स्वर्णकार एवं संदीप गुप्ता ने आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को ध्यान में रखते हुए पुलिस, प्रशासन, नगर निगम एवं विद्युत विभाग से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं की बिंदुवार जानकारी रखी। समिति की ओर से विभिन्न विभागों को मांग पत्र भी सौंपा गया।
इन व्यवस्थाओं की उठी मांग
समिति ने दशहरा पर्व के दौरान विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने, प्रमुख मार्गों की मरम्मत एवं दुरुस्तीकरण, सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पुलिस निगरानी एवं बल की तैनाती, सुगम यातायात व्यवस्था तथा दशहरा जुलूस मार्ग पर लाउडस्पीकर और कंट्रोल रूम की व्यवस्था की मांग की। इसके अलावा आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग, पेयजल, सार्वजनिक प्रसाधन और प्रतिमाओं के सुविधाजनक एवं व्यवस्थित विसर्जन की समुचित व्यवस्था किए जाने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई।
दुर्गा समितियों के प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से नगर निगम से नवरात्रि प्रारंभ होने से पहले शहर की गड्ढायुक्त सड़कों की मरम्मत कराने और प्रमुख मार्गों को दुरुस्त करने की मांग की, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और जुलूसों को आवागमन में परेशानी न हो।
परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को भव्यता देने का संकल्प
बैठक में उपस्थित दुर्गा समितियों के प्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन के साथ संवाद, समन्वय और सहयोग बनाए रखते हुए दशहरा महापर्व को भव्यता एवं गरिमा के साथ मनाने का संकल्प लिया। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि कटनी दशहरा महोत्सव समिति पिछले चार वर्षों से शहर की दशहरा परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और गौरव को भव्य एवं गरिमापूर्ण स्वरूप देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
समिति का उद्देश्य सभी दुर्गा समितियों के सहयोग और आपसी समन्वय से कटनी की ऐतिहासिक परंपरा एवं सांस्कृतिक विरासत को पुनः गौरवशाली स्वरूप प्रदान करना है, जिसके लिए कटनी शहर लंबे समय से जाना जाता रहा है।
बैठक में अवकाश जायसवाल (पार्षद), अमित गुप्ता, रमाकांत पप्पू दीक्षित, अनिल ताम्रकार, संदीप रजक, आशीष ताम्रकार, हरिओम शिवहरे, मोहित पटेल, अभिनव चौरसिया, नीरज दुबे, बंटी कचेर, मुकेश पाठक, संजीव सोनी, जितेंद्र साहू, आकाश ताम्रकार, आकाश साहू, दीपक नामदेव, मोहन जायसवाल, विवेक खटीक, कान्हा प्यासी, बंटी सोनी, शैलेन्द्र सिंह, जग्गू ठाकुर, निक्की गंगवानी, राहुल जैन, अनिल प्रकाश गुप्ता, पंकज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में दुर्गा समितियों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।