अवैध काबाड़ियों पर रोक लगाने ज्ञापन सौंपा
युवा कांग्रेस ने पुलिस महानिरीक्षक से की कठोर कार्यवाही की मांग
सुधीर यादव (9407070722)
शहडोल।युवा कांग्रेस शहडोल ने जिले में तेजी से बढ़ रही अवैध काबाड़ियों की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग को लेकर पुलिस महानिरीक्षक को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिला अध्यक्ष अनुपम गौतम के निर्देशानुसार जिला महासचिव प्रियांशु चौबे (सोनू) के नेतृत्व में एवं ब्लॉक अध्यक्ष सोहागपुर शेख साजिल (सनी) की अध्यक्षता में सौंपा गया।
युवा कांग्रेसजनों ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि वर्तमान समय में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध काबाड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इनके माध्यम से चोरी का सामान, जैसे लोहे-तांबे के तार, बिजली के उपकरण, सरकारी संपत्ति और आम नागरिकों की वस्तुएं खरीदी-बेची जा रही हैं। इससे आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है। कांग्रेसजनों ने आरोप लगाया कि चोरी-चकारी और लूटपाट जैसी घटनाओं के पीछे काबाड़ियों की सक्रिय भूमिका पाई जा रही है, जिससे समाज में असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि चोरी करने वाले सीधे काबाड़ियों को ही सामान बेच देते हैं और बिना किसी रोक-टोक के यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। परिणामस्वरूप पुलिस की कार्रवाई और जांच के बावजूद चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
युवा कांग्रेस ने इस समस्या के समाधान के लिए प्रशासन से पांच प्रमुख मांगें रखी हैं—
1. नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित हो रहे अवैध काबाड़ियों की तत्काल जांच की जाए।
2. बिना लाइसेंस संचालित काबाड़ी व्यापार को बंद कराया जाए।
3. पुलिस प्रशासन को नियमित रूप से काबाड़ियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए जाएं।
4. चोरी का सामान खरीदने-बेचने वाले काबाड़ियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई हो।
5. स्थानीय प्रशासन द्वारा काबाड़ी दुकानों एवं बाजारों का औचक निरीक्षण किया जाए।
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि इन अवैध गतिविधियों पर शीघ्र कार्यवाही नहीं की गई तो जिले में चोरी और असामाजिक तत्वों का हौसला और बढ़ेगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि प्रशासन को इस मुद्दे पर ठोस कदम उठाना होगा, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा कायम रहे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला महासचिव निशांत जोशी, ब्लॉक उपाध्यक्ष सत्यम प्रजापति, बादल वंशकार, अनस खान, नगर उपाध्यक्ष सुहैल आलम, छात्र नेता ऋषभ ठाकुर, रोहित प्रजापति, शिवम प्रजापति, अंशु केवट, सुनील प्रजापति, आकाश केवट, ब्लॉक सचिव आकाश निषाद, ब्लॉक सचिव सैफ खान, ब्लॉक महासचिव इमरान खान, अहम, मुना सोनकर सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
युवा कांग्रेस ने मांग की है कि पुलिस प्रशासन त्वरित कार्रवाई कर अवैध काबाड़ियों पर नियंत्रण स्थापित करे, ताकि जिले में बढ़ते आपराधिक घटनाक्रम पर अंकुश लग सके और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो।