एक सड़क के नाम पर निकला दो बार पैसा

0

आज भी ग्रामीण हो रहे परेशान, निर्माण स्थल से गायब है सड़क

शहडोल। ग्राम पंचायतों का भ्रष्टाचार दूरदराज ही नहीं संभाग मुख्यालय के जनपद सोहगपुर की पंचायतों में ही व्याप्त है। पंचों की अवहेलना कर सरपंच व सचिव मनमाने तौर पर निर्माण कार्यों का निर्णय कर लेते हैं और उनका अपनी सुविधानुसार निर्माण कार्य कराते हैं। निर्माण कार्यों के ठेकेदार सामग्री सप्लाई आदि सब में इन्हीं का निर्देश चलता है, यही नहीं एक निर्माण कार्य कई बार दर्शायें जाते हैं और लाखों की राशि आहरित कर ली जाती है। यही हालत जनपद पंचायत सोहागपुर के ग्राम पंचायत अरझुला अन्तर्गत अरझुली की भी है। यहां एक सड़क सन् २०१७ से बननी शुरू हुई थी। अब तक यह सड़क दो बार बना दी गई लेकिन स्थल पर कहीं सड़क दिखाई नहीं पड़ रही है। ग्रामीण आज भी परेशान हैं।
बताया गया कि ग्राम अरझुली में तत्कालीन सरपंच-सचिव की मिली भगत से वर्ष २०१७ में बांदा कछरा रोड से दुर्जन सिंह के घर तक २७० मीटर सीसी रोड स्वीकृत होकर पंच परमेश्वर के तहत निर्मित कराया जाना दर्शाकर ७ लाख ३७ हजार रुपए आहरण कर लिया गया। एक साल भी नही बीता था की एक बार पुन: वर्ष २०१९ में  जिम्मेदारों ने उसी सड़क का नाम बदलकर ग्रेवल रोड हनुमान चौक से चौधर गोंड़  के घर तक बनाया जाना दर्शाया। इस बार ९०० मीटर लम्बी सड़क बनाया जाना दर्शाया गया जिसकी लागत १९ लाख ५० हजार दर्शायी गई।  यह सड़क स्थल पर आज तक नहीं बनी। जबकि रकम आहरित कर ली गई। जब सड़क बनी नहीं तो फिर राशि कहां गई। जाहिर है कि एक सड़क के नाम पर दो बार पैसा निकाल कर सरपंच सचिव डकार गए। जबकि ग्रामीणों को आज भी सड़क की सुविधा नहीं मिली है।
इनका कहना है
शिकायत प्राप्त हुई है, जांच समिति बैठाकर जांच कराई जायेगी, जो भी दोषी होगा उसके विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी।
हिमांशु चंद्रा
सीईओ, जिपं शहडोल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *