समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त तपस्या परिहार सख्त, राजस्व वसूली व जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त तपस्या परिहार सख्त, राजस्व वसूली व जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
कटनी।। नगर निगम कार्यालय में आयोजित समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शासकीय योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को आगामी चार माह के लक्ष्यों का निर्धारण कर अभी से प्रभावी कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त शैलेष गुप्ता, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, असित खरे, अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे। संकल्प से समाधान अभियान पर विशेष जोर निगमायुक्त ने संकल्प से समाधान अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान है। उन्होंने शाखा प्रमुखों को निर्देश दिए कि फील्ड स्तर पर सक्रिय रहकर कार्य करते हुए केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए तथा लंबित आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण अनिवार्य सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिक न होकर संतुष्टि पूर्वक होना चाहिए। समय-सीमा में समाधान कर फीडबैक दर्ज कराया जाए, जिससे शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो और ग्रेडिंग में सुधार हो सके।
राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश
राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर बकाया करों की सख्त वसूली करने के निर्देश दिए। उन्होंने मकानों एवं प्रतिष्ठानों की वास्तविक स्थिति के अनुसार अपडेट डिमांड पर वसूली सुनिश्चित करने तथा बड़े बकायेदारों पर नियमानुसार कुर्की एवं तालाबंदी जैसी कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
सफाई व्यवस्था में और सुधार की आवश्यकता
नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में और सुधार की गुंजाइश है। इसके लिए बाजार क्षेत्रों में नियमित सफाई, गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना, हाथ ठेलों की मरम्मत, आवारा मवेशियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई तथा मच्छर नियंत्रण हेतु नियमित फॉगिंग एवं कीटनाशक दवा के छिड़काव के निर्देश दिए गए।
अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा
बैठक में मंगलवार को नगर निगम एवं जोन कार्यालयों में आयोजित होने वाली जनसुनवाई, कर्मचारी समस्या निवारण शिविर के लंबित प्रकरणों, अवैध कॉलोनियों में विकास शुल्क शिविर, पीएम स्वनिधि योजना के लंबित मामलों, ई-ऑफिस प्रणाली, ट्रांसपोर्ट नगर योजना, फायर सेफ्टी सहित अन्य विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की गई। साथ ही जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सभी शाखा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी गंभीरता के साथ फील्ड में कार्य करते हुए राजस्व वसूली, स्वच्छता, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा अधोसंरचना एवं विकास कार्यों पर विशेष ध्यान दें।
बैठक में सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, सुनील सिंह, आदेश जैन, उपयंत्री संजय मिश्रा, जे.पी. सिंह बघेल, पवन श्रीवास्तव, शैलेन्द्र प्यासी, मृदुल श्रीवास्तव, मोना करेरा, स्वास्थ्य अधिकारी संजय मिश्रा सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।