न निगम के चक्कर, न इंतजार….जनसुनवाई के माध्यम से महापौर तक पहुंची जनता की फरियाद, खुला समस्याओं का पिटारा पेयजल-जलकर से लेकर सड़क, नाली और आवास के मामलों में त्वरित निराकरण के निर्देश

0

न निगम के चक्कर, न इंतजार….जनसुनवाई के माध्यम से महापौर तक पहुंची जनता की फरियाद, खुला समस्याओं का पिटारा
पेयजल-जलकर से लेकर सड़क, नाली और आवास के मामलों में त्वरित निराकरण के निर्देश
कटनी।। शहरवासियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में महापौर जनसुनवाई आयोजित की गई। प्रातः 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चली जनसुनवाई में शहर के विभिन्न वार्डों से पहुंचे नागरिकों ने महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के समक्ष अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं शहर विकास से जुड़े सुझाव सीधे रखे। जनसुनवाई में कुल 17 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने पेयजल आपूर्ति में आ रही समस्याओं, जलकर, जर्जर सड़कों एवं नालियों की मरम्मत तथा आवास योजना से जुड़े प्रकरण महापौर के समक्ष रखे। महापौर श्रीमती सूरी ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर मौजूद विभागाध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का निश्चित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर जनसुनवाई में आवास योजना से जुड़े प्रकरण में एक परिवार को राहत मिली। इंदिरा आवास योजना के तहत डी ब्लॉक भवन क्रमांक 114, इंदिरा नगर में आवास प्राप्त होने पर हितग्राही पवन कुमार विश्वकर्मा ने महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
हितग्राही ने बताया कि आवास मिलने से अब उनका परिवार स्वयं के मकान में रह सकेगा और किराये के मकान में रहने की परेशानी से राहत मिलेगी। आवास मिलने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनसुनवाई के माध्यम से मिली सहायता के लिए महापौर का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम जनता और नगर निगम प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। शहरवासियों को अपनी जायज समस्याओं के समाधान के लिए निगम की अलग-अलग शाखाओं के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से जनसुनवाई के माध्यम से समस्याओं को सीधे सुना जा रहा है।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। किसी भी विभाग द्वारा लापरवाही या अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम का प्रयास है कि नागरिकों की शिकायतों का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित कर उन्हें राहत प्रदान की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed