जींस पहनकर ड्यूटी पर पहुँचे पुलिसकर्मी, IG ने अनुशासनहीनता और लापरवाही पर 3 को किया सस्पेंड
शहडोल। मध्य प्रदेश पुलिस के शहडोल जोन में अनुशासन को लेकर एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस महानिरीक्षक एन. चैत्रा ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने और गरिमा के प्रतिकूल आचरण करने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विशेष रूप से, एक पुलिसकर्मी का जींस पहनकर आईजी के सामने उपस्थित होना अनुशासनहीनता की पराकाष्ठा मानी गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा अप्रैल 2025 में एक आदेश जारी किया गया था, जिसके तहत उप पुलिस अधीक्षक द्वारा थानों के भ्रमण और बैठकों की जानकारी मांगी गई थी,शहडोल, उमरिया और अनूपपुर जिलों से यह जानकारी लंबे समय से लंबित थी और इसे आईजी कार्यालय के समक्ष प्रस्तुत नहीं किया गया था,जब इस संबंध में आईजी एन. चैत्रा ने जवाब-तलब किया, तो रीडर शाखा के कर्मचारी न केवल जानकारी देने में विफल रहे, बल्कि प्रधान आरक्षक प्रवीण कुमार तिवारी वर्दी के बजाय जींस पहनकर आईजी के समक्ष उपस्थित हुए, उच्चाधिकारी के सामने इस तरह की वेशभूषा में आना पुलिस नियमावली और अनुशासन का गंभीर उल्लंघन माना गया।
इन पर गिरी गाज
प्रथम दृष्टया लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर आईजी ने सहायक उप निरीक्षक परवेज खान रीडर शाखा, जिला अनूपपुर,प्रधान आरक्षक प्रवीण कुमार तिवारी जिला उमरिया,आरक्षक गौरव सिंह जिला अनूपपुर को निलंबित कर दिया है।
जांच के आदेश जारी
निलंबन अवधि के दौरान इन सभी को उनके संबंधित जिलों के रक्षित केंद्र में संबद्ध कर दिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इन कर्मचारियों को नियमानुसार निर्वाह भत्ता देय होगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी ने एसडीओपी धनपुरी, विकास पाण्डेय को प्राथमिक जांच की जिम्मेदारी सौंपी है और 10 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।