गौरेला में जल संकट से राहत की तैयारी: 64.41 लाख से बनेंगी दो नई पानी टंकियां
नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे के प्रयास से वार्ड 3 और 8 में वाटर हेड टैंक को मिली स्वीकृति(घनश्याम ठाकुर)
जीपीएम/गौरेला। नगर में बढ़ते जल संकट को देखते हुए अब पानी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। नगरपालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे के प्रयास से नगर के वार्ड क्रमांक 03 और वार्ड क्रमांक 08 में दो नए वाटर हेड टैंक निर्माण की स्वीकृति मिली है। इन टंकियों के निर्माण पर कुल 64.41 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे ने बताया कि गर्मी के मौसम में गौरेला में हर साल जल संकट की स्थिति बन जाती है। नगर में मलनिया डेम से पानी की आपूर्ति तो होती है, लेकिन पर्याप्त वाटर हेड टैंक नहीं होने के कारण जल भंडारण में समस्या आती है। इसी समस्या को देखते हुए नगरीय प्रशासन विभाग से नई पानी टंकियों के निर्माण की मांग की गई थी।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित स्वीकृति प्रदान की है। वार्ड 03 और 08 में बनने वाली इन पानी टंकियों से जल भंडारण क्षमता बढ़ेगी और गर्मी के दिनों में लोगों को राहत मिलेगी।

मुकेश दुबे ने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि इन टंकियों के बनने से नगर के कई इलाकों में पानी की समस्या काफी हद तक दूर हो सकेगी।