मंथर गति हो रहा सड़क निर्माण@पानी छिड़काव न होने से बन रहे गुब्बार
(नीरज रघुवंशी)
करकेली। एनएच-43 से रहठा पहुंच मार्ग एमपीआरडीसी के तहत बनाई जा रही, सड़क निर्माण के दौरान करकेली से घुलघुली तक पहुंच मार्ग के बीच में कार्य एजेंसी द्वारा गिट्टी बिछा दी गई, लेकिन मंथर गति से कार्य होने के चलते आमजनों को आवागमन में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, वहीं सड़क पर गिट्टी बिछाने के बाद पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है, जिससे पूरे रास्ते धूल के गुब्बार बनते हैं, जिस वजह से सड़क किनारे रहने वाले लोग बीमारी से ग्रसित हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर लगातार दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं।
बनी रहती है दुर्घटना की आशंका
धूल और डस्ट के कारण आवागमन करने वाले दो पहिया वाहन और पैदल चलने वाले यात्रियों को वायु प्रदूषण से ग्रस्त हो रहे हैं, निर्माण एजेंसी द्वारा लोगों के जीवन से खिलवाड़ किया जा रहा है, लोगों का कहना है कि जब कोई ट्रक इस सड़क से निकलता है तो, धूल के गुब्बार से अंधेरा सा छा जाता है, जिसके वजह से रास्ता भी नहीं दिखता और दुर्घटना की शंका बनी रहती है, वहीं स्थानीय लोगों सहित आवागमन करने वाले राहगीरो ने जिला प्रशासन से मांग की है कि कार्य एजेंसी को निर्देशित कर लगातार पानी का छिड़काव करने का निर्देश देना चाहिए।
स्वास्थ्य से हो रहा खिलवाड़
धूल के उड़ रहे गुब्बार से लोगों के स्वास्थ्य से निर्माण एजेंसी खिलवाड़ कर रही है, जिससे स्थानीय लोगों सहित राहगीरों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है, जिला प्रशासन से लोगों ने मांग की है कि शीघ्र रोड कार्य एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कार्य में तेजी लाएं और धूल के गुब्बारे को रोकने के लिए इसमें पानी का छिड़काव करते रहने की मांग की।