इलाज के लिए पहुंची थी अस्पताल, ऑपरेशन के दौरान हुई मौत,परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का लगाया आरोप

0

इलाज के लिए पहुंची थी अस्पताल, ऑपरेशन के दौरान हुई मौत,परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का लगाया आरोप
कटनी।। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एमजीएम हॉस्पिटल में पथरी के ऑपरेशन के दौरान एक युवती की मौत का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था और निजी अस्पतालों की जवाबदेही पर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतिका की पहचान फिज़ा परवीन, निवासी विजयराघवगढ़ के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार फिज़ा परवीन पथरी के उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती हुई थीं। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही हुई, जिसके चलते उनकी मौत हो गई। परिजनों ने दावा किया कि ऑपरेशन प्रक्रिया के दौरान चिकित्सकीय त्रुटि हुई, जिसके बाद युवती की हालत बिगड़ गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते उचित उपचार और सावधानी बरती जाती तो यह घटना टाली जा सकती थी। बताया जा रहा है कि फिज़ा परवीन विजयराघवगढ़ के एक शासकीय विद्यालय में गेस्ट टीचर के रूप में कार्यरत थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चिकित्सकीय दस्तावेजों और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह चिकित्सकीय जटिलता थी या किसी प्रकार की लापरवाही। समाचार लिखे जाने तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या ऑपरेशन से पहले सभी मानक प्रक्रियाओं का पालन किया गया था और क्या मरीज की स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय सावधानियां बरती गई थीं। इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed