स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, सेमरा को मिला राष्ट्रीय स्तर का “पर्यावरण चैंपियन अवार्ड 2026”
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 01 जून 2026/ जिले के लिए गौरव का विषय है कि कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन के मार्गदर्शन में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सेमरा को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित “पर्यावरण चैंपियन अवार्ड 2026” हेतु चयनित किया गया है। यह सम्मान भारतीय वन्यजीव संस्थान देहरादून एवं भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय नई दिल्ली के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की महत्त्वपूर्ण “नमामि गंगे परियोजना” के तहत प्रदान किया जा रहा है। विद्यालय ने गंगा की सहायक नदियों के संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान एवं सतत विकास से जुड़े विभिन्न नवाचारपूर्ण कार्यक्रमों के माध्यम से उत्कृष्ट उपलब्धि अर्जित की है। विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, स्टॉफ सदस्यों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से संस्था ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
इस उपलब्धि में जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी के सतत मार्गदर्शन एवं प्रेरणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके निरंतर सहयोग से विद्यालय ने शिक्षा के साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय दायित्वों को प्रभावी रूप से निभाया है। विद्यालय के प्राचार्य श्री नरेन्द्र कुमार तिवारी नेतृत्व में संस्था द्वारा पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर निर्माण, जल संरक्षण एवं विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने हेतु निरंतर उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं।
वे सदैव विद्यार्थियों को यह संदेश देते रहे हैं कि—
“पर्यावरण संरक्षण केवल दायित्व नहीं, बल्कि मानवता के भविष्य की सुरक्षा का संकल्प है।” श्री अक्षय नामदेव एवं उनकी टीम के सक्रिय सहयोग एवं तकनीकी मार्गदर्शन से विद्यार्थियों ने पर्यावरणीय गतिविधियों में उल्लेखनीय सहभागिता निभाई है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 05 जून 2026 को भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून, उत्तराखंड में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में विद्यालय को औपचारिक रूप से “पर्यावरण चैंपियन अवार्ड 2026” से सम्मानित किया जाएगा। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि सम्पूर्ण जिले एवं राज्य के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।