‘स्वांग मल्टीनेशनल’ ने खोली बहुराष्ट्रीय कंपनियों की साजिशों की परतें, दर्शकों ने सराहा मंचन

0

शहडोल। 11 दिवसीय नाट्य रंग महोत्सव शहडोल-2026 के सातवें दिन शनिवार को होटल शुभम पैलेस में प्रसिद्ध नाटक ‘स्वांग मल्टीनेशनल’ का प्रभावशाली मंचन किया गया। नाटक के लेखक वरिष्ठ रंगकर्मी अलखनंदन तथा निर्देशक सादात भारती रहे। प्रस्तुति एक्सप्रेशन ऑफ आर्ट सोसायटी, कटनी द्वारा दी गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

नाटक में शासन-प्रशासन की भ्रष्ट व्यवस्था, विदेशी वस्तुओं के प्रति बढ़ते आकर्षण तथा देशी उत्पादों की उपेक्षा जैसे गंभीर विषयों को हास्य-व्यंग्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। राजा और मल्टीनेशनल दर्जियों के पात्रों के जरिए बहुराष्ट्रीय कंपनियों के षड्यंत्रों और आमजन पर उनके प्रभाव को प्रभावशाली ढंग से मंचित किया गया। नाटक ने मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक चेतना का संदेश भी दिया।

मंच पर सादात भारती, के.एल. राव, सतीश अहिरवार, आदित्य गोस्वामी, अनुज मिश्रा, आकाश तिवारी, शिवा रजक, शिवम रजक, हर्ष श्रीवास्तव, उदय, आशू गुप्ता, युग रजक, मोहित साहू, वान्या मालवीय, खुशी शाक्या, शुभम रजक, गणेश माथुर, विनोद एवं शिवानी अहिरवार सहित कलाकारों ने अपनी सशक्त अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान संस्था एक्सप्रेशन ऑफ आर्ट सोसायटी, कटनी की रंगमंचीय यात्रा और लोक कलाओं के संरक्षण में उसके योगदान की भी जानकारी दी गई। संस्था पिछले चार वर्षों से निरंतर रंगमंच के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, लोक संस्कृति और मानवीय मूल्यों को मंच पर प्रस्तुत कर रही है।

उल्लेखनीय है कि शहडोल में पहली बार आयोजित किए जा रहे इस 11 दिवसीय नाट्य रंग महोत्सव में देशभर के विभिन्न रंग समूह अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं। आयोजन समिति ने जिले के कला प्रेमियों से अपील की है कि वे 18 जून तक प्रतिदिन शाम 7 बजे होटल शुभम पैलेस पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करें। महोत्सव का आयोजन सम्पूर्ण नाट्य एवं लोक कला समिति, शहडोल द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम का संयोजन रंगकर्मी लकी चतुर्वेदी तथा मंच संचालन प्राप्ति सोनी द्वारा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *