कैलडिरीज फैक्ट्री के पास कुएं से मिला लापता युवक का शव, हत्या की आशंका,खड़े किए खौफनाक सवाल

0

कैलडिरीज फैक्ट्री के पास कुएं से मिला लापता युवक का शव, हत्या की आशंका,खड़े किए खौफनाक सवाल
कटनी।। माधवनगर थाना क्षेत्र एक बार फिर रहस्यमयी मौत से दहल उठा है। लखेरा के पास कैलडिरीज फैक्ट्री के समीप स्थित एक सूखे कुएं से आज सुबह एक युवक की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। कुएं के भीतर पड़े शव को देखते ही लोगों के रोंगटे खड़े हो गए और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय राहुल वंशकार, निवासी लखेरा के रूप में हुई है, जो बीते पांच दिनों से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन किसी को अंदेशा भी नहीं था कि उसका शव इस तरह एक सुनसान कुएं में मिलेगा। स्थानीय लोगों की सूचना पर माधवनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। प्रारंभिक दृश्य बेहद भयावह था सूखे कुएं में पड़ा शव, चारों ओर सन्नाटा और दहशत में लोग। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है।
मामले ने तब और गंभीर मोड़ ले लिया जब परिजनों ने राहुल की हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि राहुल की किसी से रंजिश हो सकती है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मृत्यु के कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है। दिनदहाड़े इस तरह शव मिलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग इसे रहस्यमयी हत्या मान रहे हैं, तो कुछ इसे दुर्घटना से जोड़कर देख रहे हैं। सच क्या है, इसका खुलासा अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल माधवनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कहा है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। घटनास्थल से अहम साक्ष्य की तलाश की जा रही है। आसपास का क्षेत्र, फैक्ट्री एरिया की CCTV फुटेज, कॉल डिटेल्स और अंतिम बार साथ देखे गए लोगों की जानकारी पुलिस खंगाल रही है। 6राहुल पिछले 5 दिनों से लापता था। इस अवधि में उसकी लोकेशन, मोबाइल रिकॉर्ड और संपर्कों की गहन जांच की जा रही है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि मौत से पहले वह किसके संपर्क में था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed