सम्मेदशिखर में गूंजेगा वैराग्य का महापर्व: 18 अप्रैल को जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव

0
शहडोल। जैन धर्म की तपस्या, त्याग और संयम की महान परंपरा का ऐतिहासिक क्षण अब समीप है। झारखंड के विश्वविख्यात सिद्धक्षेत्र श्री सम्मेदशिखर जी में 18 अप्रैल  को भव्य जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव आयोजित होगा। यह आयोजन संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर जी के प्रभावक शिष्य मुनि प्रमाणसागर महाराज के सान्निध्य में संपन्न होगा।
यह महोत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मजागरण, वैराग्य और मोक्षमार्ग की ओर प्रेरित करने वाला आध्यात्मिक पर्व होगा, जिसमें साधक सांसारिक मोह-माया का त्याग कर संयम जीवन को अपनाएंगे।
महोत्सव की शुरुआत 15 अप्रैल को गुणायतन में मुनि संघ के मंगल प्रवेश से होगी, जहां श्रद्धालु भव्य अगवानी करेंगे। 16 अप्रैल को विशेष विधान और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे, जबकि 17 अप्रैल को साधकों की अंतिम तैयारियां, प्रवचन और तप-आराधना होगी। इसके बाद 18 अप्रैल को आचार्य आज्ञानुसार भव्य जैनेश्वरी दीक्षा समारोह संपन्न होगा।
देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 17 से 19 अप्रैल तक निःशुल्क आवास और भोजन की व्यवस्था की गई है, जिससे हजारों श्रद्धालु इस महोत्सव में सहज रूप से शामिल हो सकेंगे।
वर्तमान में मुनि संघ रांची में विराजमान है, जहां 1 से 6 अप्रैल तक पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित हो रहा है। इसके पश्चात मुनि संघ मंगल विहार करते हुए गोमिया मार्ग से सम्मेदशिखर के लिए प्रस्थान करेगा।
दीक्षा का क्षण अत्यंत मार्मिक और प्रेरणादायक होता है, जब साधक अपने परिवार, धन-संपत्ति और भौतिक सुखों का त्याग कर गुरु चरणों में समर्पित होते हैं। यह दृश्य उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर करते हुए आत्मचिंतन और मोक्षमार्ग की ओर प्रेरित करता है।
इस ऐतिहासिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु, गुरु भक्त और धर्मप्रेमी शामिल होंगे। विशाल पंडाल, सुव्यवस्थित प्रबंधन, प्रवचनों की श्रृंखला और भक्ति कार्यक्रम इस महोत्सव को भव्यता प्रदान करेंगे। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे परिवार सहित शामिल होकर इस दिव्य अवसर का लाभ लें और पूर्व सूचना देकर अपनी व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।
गौरतलब है कि सम्मेद शिखर जी जैन धर्म का सबसे बड़ा तीर्थ स्थल माना जाता है, जहां अनेक तीर्थंकरों के मोक्ष कल्याणक होने की मान्यता है, इसी कारण इसे सिद्धक्षेत्र कहा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed