रीवा सड़क हादसे में आर्यिका द्वय के समाधिमरण पर जैन समाज शोकाकुल बड़े मंदिर में विनयांजलि सभा आयोजित, मौन जुलूस निकालकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
रीवा सड़क हादसे में आर्यिका द्वय के समाधिमरण पर जैन समाज शोकाकुल
बड़े मंदिर में विनयांजलि सभा आयोजित, मौन जुलूस निकालकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
कटनी। रीवा में गत दिवस परम पूज्य आचार्य विद्यासागर जी महाराज एवं नवाचार्य समय सागर जी महाराज की परम प्रभावक शिष्या वंदनीय आर्यिका श्री श्रुतमति माता जी एवं वंदनीय आर्यिका श्री उपशमति जी के सड़क हादसे में असमय समाधिमरण होने से सम्पूर्ण जैन समाज में गहरा शोक व्याप्त है। इस दुखद घटना के विरोध एवं श्रद्धांजलि स्वरूप कटनी में श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन बड़े मंदिर जी में विनयांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम परम पूज्य 105 गुरूमति माता जी, प.पू. 105 दृढ़मति माता जी एवं आर्यिका संघ के सानिध्य में सम्पन्न हुआ। सभा में समाजसेवी एवं पंचायत अध्यक्ष संजय जैन, तीर्थक्षेत्र कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सुधीर कुमार जैन, पूर्व एसडीएम विनय जैन तथा कैलाशचंद सोगानी सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए आर्यिका द्वय के तप, त्याग एवं धर्म साधना को स्मरण किया।
विनयांजलि सभा के पश्चात आर्यिका संघ एवं उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने समाधिस्थ आर्यिका द्वय को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद जैन समाज द्वारा एक विशाल मौन जुलूस निकाला गया, जो महावीर चौक से प्रारंभ होकर रूई मंडी, कपड़ा बाजार, सुभाष चौक एवं साधूराम स्कूल मार्ग से होते हुए कोतवाली पहुंचा। कोतवाली में समाजजनों ने एडिशनल एसपी संतोष डेहरिया एवं तहसीलदार साक्षी मैडम को ज्ञापन सौंपकर साधु-साध्वियों की यात्रा एवं सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था किए जाने की मांग की।
मौन जुलूस में पंचायत अध्यक्ष संजय जैन, मंत्री विन्नी जैन, सेवानिवृत्त विनय जैन,सुधीर कुमार जैन, अरविंद्र जैन, प्रकाश जैन, संदीप पटोरिया, अनिल जैन, डॉ. अखिलेश जैन, चक्रेश जैन, जितेन्द्र जैन,विकास शास्त्री, रमेशचंद, मोने जैन बर्तन, अंशु जैन, मोनू जैन, विनोद जैन, संजय जैन दवाई, राजेन्द्र जैन, वीरेन्द्र जैन, सुनील जैन, पताली जैन, राजू जैन , अनिल जैन सहित बड़ी संख्या में धर्मानुरागी बंधु एवं माताएं-बहनें शामिल रहीं।