जनहित सर्वोपरि महापौर ने लिया साहसिक निर्णय, जलकर से खत्म होगा चक्रवृद्धि ब्याज बड़े बदलाव के साथ हजारों उपभोक्ताओं को सीधी राहत , संवेदनशील पहल जनता ने सराहा फैसला
जनहित सर्वोपरि महापौर ने लिया साहसिक निर्णय, जलकर से खत्म होगा चक्रवृद्धि ब्याज
बड़े बदलाव के साथ हजारों उपभोक्ताओं को सीधी राहत , संवेदनशील पहल जनता ने सराहा फैसला
शहरवासियों को राहत देने की दिशा में एक और बड़ा और जनहितैषी कदम उठाते हुए महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने जलकर व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार की पहल की है। मेयर इन काउंसिल (MIC) द्वारा अनुमोदित प्रस्ताव के तहत अब जलकर पर लगने वाला चक्रवृद्धि c समाप्त कर मात्र 15 प्रतिशत साधारण ब्याज लागू करने की तैयारी है। इस निर्णय से नगर निगम के हजारों उपभोक्ताओं को सीधी और बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। यह निर्णय केवल एक प्रशासनिक बदलाव नहीं, बल्कि आम नागरिकों की वर्षों पुरानी पीड़ा का समाधान है।
कटनी।। नगर निगम क्षेत्र के जलकर उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी पहल सामने आई है। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के नेतृत्व में मेयर इन काउंसिल MIC की बैठक में जलकर पर लगने वाले चक्रवृद्धि ब्याज को समाप्त कर उसकी जगह मात्र 15 प्रतिशत साधारण ब्याज लागू करने का प्रस्ताव अनुमोदित किया गया है। अब इस प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति के लिए निगम परिषद के सम्मुख भेजा गया है। बैठक में नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही शिकायतों पर गंभीरता से विचार किया गया। जलकर पर चक्रवृद्धि ब्याज के कारण बढ़ते आर्थिक बोझ को देखते हुए परिषद ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए यह निर्णय लिया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2013 में भी इसी प्रकार का निर्णय लिया गया था, लेकिन आवश्यक आदेश जारी न होने से वह लागू नहीं हो सका था।
प्रस्ताव के तहत कई महत्वपूर्ण राहत प्रावधान शामिल किए गए हैं। इनमें बकाया जलकर पर चक्रवृद्धि ब्याज समाप्त कर 15 प्रतिशत साधारण ब्याज लागू करना, प्रत्येक वर्ष अप्रैल माह में एकमुश्त वार्षिक जलकर जमा करने पर एक माह की छूट देना, तथा 31 अगस्त 2026 तक एकमुश्त भुगतान करने पर बकाया अधिभार में 50 प्रतिशत तक की छूट प्रदान करना शामिल है।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि यह निर्णय पूरी तरह से जनहित और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। अन्य नगर निगमों की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर यह प्रस्ताव तैयार किया गया है। परिषद की स्वीकृति मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा और लंबित वसूली में भी तेजी आएगी।
बैठक में मेयर इन काउंसिल के सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, जय नारायण निषाद, बीना संजू बैनर्जी, सुमन राजू माखीजा और तुलसा गुलाब बेन सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जल प्रदाय समिति के प्रभारी सदस्य उमेंद्र अहिरवार ने बताया कि नागरिकों की लगातार मिल रही मांगों और उनके आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए यह प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लागू होने से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी और निगम व नागरिकों के बीच विश्वास भी मजबूत होगा।
इस ऐतिहासिक निर्णय को लेकर शहरभर में महापौर प्रीति सूरी की सराहना हो रही है। मेयर इन काउंसिल के सदस्यों सहित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने इस पहल को जनता के हित में साहसिक और दूरदर्शी निर्णय बताया है। विश्वास, राहत और विकास की दिशा में मजबूत कदम महापौर सूरी की यह पहल न केवल आर्थिक राहत देगी, बल्कि नगर निगम और नागरिकों के बीच संबंधों को और मजबूत करेगी। यह निर्णय यह भी दर्शाता है कि जब नेतृत्व संवेदनशील और दृढ़ हो, तो नीतियां सीधे जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं।