अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित चार एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर विधायक ने किया रवाना*
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 1 अप्रैल 2026/जिले में स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज अत्याधुनिक मशीनों से सुसज्जित चार एंबुलेंस की पूजा-अर्चना करके और हरी झंडी दिखाकर विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची ने जिला चिकित्सालय परिसर से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के लिए रवाना किया। इस अवसर पर श्री लालजी यादव, श्री छोटेलाल सोनी, श्री ज्ञानेन्द्र उपाध्याय, सीएमएचओ डा. रामेश्वर शर्मा, सिविल सर्जन डा. देवेन्द्र पैकरा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। 
जिले में एंबुलेंस सेवा से गंभीर एवं अतिगंभीर मरीजों तथा प्रत्येक जरुरतमंदो तक समय पर एंबुलेंस सेवाऐं उपलब्ध हो सकेगी। एंबुलेंसो में मरीजों को मौके पर ही प्राथमिक एवं उन्नत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए बीपी मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ईसीजी मॉनिटर, ग्लूकोमीटर जैसी जांच सुविधाओं के साथ ऑक्सीजन सपोर्ट, नेब्युलाईजेशन एवं अन्य आपातकालीन उपचार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। साथ ही गंभीर मरीजों के सुरक्षित स्थानांनतरण हेतु पोर्टेबल वेंटिलेटर डिफिब्रिलेटर मॉनिटर, सिरिंज पंप, लैरिंजोस्कोप सहित अन्य उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें तीन बेसिक लाईफ सपोर्ट और एक एडवांस लाईफ सपोर्ट ऐंबुलेंस शामिल हैं।