युवाओं के हक की लड़ाई तेज करेगी युवा कांग्रेस, सड़कों पर उतरने का ऐलान पंचायत चलो अभियान के तहत विलायत कला में विशाल जनसभा, रोजगार और पलायन के मुद्दे पर गरजे नेता

0

युवाओं के हक की लड़ाई तेज करेगी युवा कांग्रेस, सड़कों पर उतरने का ऐलान
पंचायत चलो अभियान के तहत विलायत कला में विशाल जनसभा, रोजगार और पलायन के मुद्दे पर गरजे नेता
कटनी।। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया के जिले के विलायत कला ग्राम में प्रथम आगमन पर जोरदार स्वागत हुआ। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल के नेतृत्व में चलाए जा रहे पंचायत चलो अभियान के अंतर्गत रविवार को आयोजित विशाल जनसभा में सैकड़ों युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम में युवाओं के रोजगार, महंगाई और पलायन जैसे ज्वलंत मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ तीखा विरोध देखने को मिला।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकारें युवाओं के भविष्य के साथ छलावा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षित युवा आज डिग्री लेकर दर-दर भटकने को मजबूर हैं, जबकि महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि युवा कांग्रेस अब चुप नहीं बैठेगी और युवाओं को उनका हक दिलाने के लिए जल्द ही सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।
प्रदेश सचिव दिव्यांशु अंशु मिश्रा ने भी केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि गलत विदेश नीतियों के कारण देश कठिन दौर से गुजर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता को गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में 5000 से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ कटनी में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने जिले में बेरोजगारी और औद्योगिक असंतुलन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जिला प्रदेश को भारी राजस्व देने के बावजूद यहां के स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है और उन्हें पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इसराइल ने आरोप लगाया कि जिले की कंपनियों में बाहरी राज्यों के लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए युवा कांग्रेस आर-पार की लड़ाई लड़ेगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस संगठन की एकजुटता भी देखने को मिली। बड़ी संख्या में जिला, ब्लॉक और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी नेताओं ने आगामी दिनों में युवाओं के मुद्दों को लेकर ब्लॉक और जिला स्तर पर व्यापक और निर्णायक आंदोलन चलाने की रणनीति पर सहमति जताई। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महासचिव विकास दुबे ने किया। सभा में पूर्व विधायक बसंत सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेन्द्र दादू सिंह, संगठन प्रभारी चेतन चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष सचिन गर्ग, शैलेश जायसवाल, दीपक यादव, शुभम साहू, संतोष यादव, मुकेश यादव, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव सौम्या राँधेलिया, संदीप सिंह, एनएसयूआई प्रदेश सचिव अजय खटिक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed