17 दिन बाद समाप्त हुआ युवा कांग्रेस का किसान न्याय सत्याग्रह यूएस ट्रेड डील और स्थानीय रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरा, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
17 दिन बाद समाप्त हुआ युवा कांग्रेस का किसान न्याय सत्याग्रह
यूएस ट्रेड डील और स्थानीय रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरा, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
कटनी। बड़वारा मुख्यालय में पिछले 17 दिनों से चल रहा युवा कांग्रेस का “किसान न्याय सत्याग्रह” शनिवार को समाप्त हो गया। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहम्मद इसराइल के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन के समापन अवसर पर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया। अंतिम दिन बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं युवा बड़वारा में एकत्रित हुए, जहां सरकार विरोधी नारों के बीच सभा का आयोजन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव दिव्यांशु अंशु मिश्रा ने केंद्र सरकार पर किसान और युवा विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार युवाओं के भविष्य और किसानों के अधिकारों के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने NEET परीक्षा विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि यह युवाओं के साथ किए जा रहे छल का बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस जमीनी स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी और आने वाले समय में युवा इस सरकार को जवाब देंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह एवं पूर्व विधायक बसंत सिंह ने भी सभा को संबोधित करते हुए आंदोलन को समर्थन दिया और कहा कि किसानों एवं युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
यूएस ट्रेड डील किसानों की आत्मा पर वार—मोहम्मद इसराइल
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने केंद्र सरकार की यूएस ट्रेड डील को किसानों के हितों के खिलाफ बताते हुए कहा कि पहले से परेशान किसान खाद, बीज और फसलों के उचित दाम के लिए संघर्ष कर रहा है, ऐसे में यह समझौता किसानों पर दोहरी मार साबित होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण किसान आत्महत्या तक करने को मजबूर हैं।
राजस्व देने वाला कटनी, फिर भी युवा बेरोजगार
स्थानीय मुद्दों को उठाते हुए मोहम्मद इसराइल ने कहा कि कटनी जिला प्रदेश का बड़ा राजस्व देने वाला क्षेत्र है, जहां खदानें और उद्योग संचालित हैं, लेकिन इसके बावजूद यहां का पढ़ा-लिखा युवा रोजगार के लिए पलायन करने को मजबूर है। उन्होंने बड़वारा क्षेत्र में संचालित बिरला व्हाइट सीमेंट एवं जेके सीमेंट प्लांट प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि स्थानीय युवाओं की अनदेखी कर बाहरी राज्यों के लोगों को रोजगार दिया जा रहा है, जो क्षेत्रीय युवाओं के साथ अन्याय है।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा गया मांग पत्र
सत्याग्रह के समापन पर राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि केंद्र सरकार यूएस ट्रेड डील को तत्काल वापस ले, किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करे तथा बड़वारा क्षेत्र में संचालित बड़े उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देना अनिवार्य किया जाए। इसके साथ ही बिरला व्हाइट एवं जेके सीमेंट जैसी कंपनियों के CSR फंड से क्षेत्र में आधुनिक अस्पताल और स्कूलों का निर्माण कराए जाने की भी मांग की गई।
ये रहे उपस्थित
इस दौरान कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व विधायक विजय राघवेंद्र सिंह, पूर्व उमरिया यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंबुज सिंह, प्रदेश सचिव विक्रम प्रताप सिंह, बहोरीबंद विधानसभा युवा अध्यक्ष मुकेश यादव, पूर्व आदिवासी जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह, जनपद सदस्य सुनील बघेल, NSUI जिलाध्यक्ष शुभम मिश्रा, बड़वारा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विकास निगम, विधानसभा अध्यक्ष सचिन गर्ग, यूथ अध्यक्ष दीपक यादव, आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह, अंशुल राजपूत, अवध लाल यादव, राहुल चौधरी, परम कॉल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।