पुलिस के तीन अधिकारी-कर्मचारी सेवानिवृत्त, पुलिस अधीक्षक ने दी सम्मानपूर्वक विदाई
पुलिस के तीन अधिकारी-कर्मचारी सेवानिवृत्त, पुलिस अधीक्षक ने दी सम्मानपूर्वक विदाई
कटनी।। कटनी पुलिस विभाग में लंबे समय तक निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के साथ सेवाएं देने वाले तीन अधिकारी एवं कर्मचारी 31 अगस्त 2026 को अधिवार्षिकीय आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय कटनी में विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सेवानिवृत्त होने वालों में सउनि विश्वनाथ सिंह, सहायक उप निरीक्षक मुन्ना लाल एवं प्रधान आरक्षक देवराज शर्मा शामिल हैं। तीनों ने अपने सेवाकाल में पुलिस विभाग के विभिन्न पदों एवं दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया।
सउनि विश्वनाथ सिंह ने पुलिस विभाग में 20 मार्च 1987 को आरक्षक के पद पर भर्ती होकर लगभग 39 वर्षों तक पुलिस सेवा की। वहीं सहायक उप निरीक्षक मुन्ना लाल ने 25 मार्च 1984 को आरक्षक के पद से पुलिस विभाग में सेवा प्रारंभ की और करीब 42 वर्षों तक विभाग में अपनी सेवाएं दीं। प्रधान आरक्षक देवराज शर्मा ने 23 नवंबर 1987 को आरक्षक के पद पर पुलिस विभाग में भर्ती होकर लगभग 39 वर्षों तक पुलिस विभाग में सेवा दी। सेवानिवृत्ति समारोह में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि पुलिस सेवा में अनुशासन, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता का विशेष महत्व है। सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी द्वारा अपने लंबे सेवाकाल में किए गए कार्य और अर्जित अनुभव विभाग के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेंगे। उन्होंने तीनों के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उनके परिजनों से भी सौहार्दपूर्ण चर्चा की। समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी शिवा पाठक, सूबेदार सोनम उईके सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के परिवारजन एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।