आपका सारथी कौन पुलिस की अनूठी पहल बनी भरोसे का प्रतीक

0

आपका सारथी कौन पुलिस की अनूठी पहल बनी भरोसे का प्रतीक
कटनी।। आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं एवं यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और विश्वास को केंद्र में रखकर कटनी पुलिस द्वारा शुरू की गई नवाचारपूर्ण पहल आपका सारथी कौन अब ज़मीन पर प्रभावी रूप से परिणाम देती दिखाई दे रही है। इस पहल को न केवल यात्रियों का भरपूर समर्थन मिला है, बल्कि आमजन ने क्यूआर कोड के माध्यम से सकारात्मक फीडबैक देकर पुलिस के प्रयासों की खुलकर सराहना की है। यात्रियों द्वारा दिए गए फीडबैक में बेहतर व्यवहार, सुरक्षित आवागमन और उचित यात्रा शुल्क की प्रशंसा की गई है। वहीं दूसरी ओर, नशे की हालत में वाहन चलाने या अभद्र व्यवहार करने वाले ऑटो/ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध कटनी पुलिस द्वारा सख्त एवं निरंतर कार्रवाई भी की जा रही है, जिससे यह संदेश साफ है कि सुरक्षा और अनुशासन से कोई समझौता नहीं होगा।
उत्कृष्ट चालकों का सम्मान
जनता से प्राप्त उत्कृष्ट फीडबैक के आधार पर ईमानदारी, संवेदनशीलता और जिम्मेदार व्यवहार का परिचय देने वाले चालकों को सम्मानित किया गया अरविन्द अहिरवार (बैच नंबर–08),सुनील कुमार यादव (बैच नंबर–23),दीपक कुमार सोनी (बैच नंबर–36), जिन्होंने एक महिला यात्री का ऑटो में छूटा बैग सुरक्षित लौटाकर मानवीय संवेदना की मिसाल पेश की।
क्यूआर कोड और बैच से पारदर्शिता
29.12.2025 को 100 ऑटो/ई-रिक्शा चालकों को क्यूआर कोड सहित बैच नंबर वितरित किए गए। इससे यात्रियों को चालक की पहचान, संपर्क विवरण और फीडबैक देने की सुविधा सहज रूप से उपलब्ध हो सकेगी, जो पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में एक मजबूत कदम है।
लाइसेंस शिविर से वैधानिक मजबूती
पुलिस एवं आरटीओ विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित लाइसेंस शिविर में 135 ऑटो चालकों के लर्निंग लाइसेंस के आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 35 चालकों के लर्निंग लाइसेंस मौके पर बनाए गए। यह पहल न केवल नियमों के पालन को बढ़ावा देती है, बल्कि सड़क सुरक्षा को भी सुदृढ़ करती है। आमजन ने इस पहल को पुलिस और जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी बताया है। आपका सारथी कौन जैसी पहलें यह दर्शाती हैं कि कटनी पुलिस केवल कानून प्रवर्तन तक सीमित नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान को प्राथमिकता देने के लिए सतत नवाचार कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे प्रयासों के माध्यम से नागरिकों का विश्वास और सुरक्षा तंत्र को और अधिक मजबूत किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed