वर्षों का इंतजार खत्म, राबर्ट लाइन की दो सड़कों का होगा कायाकल्प महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कन्या के हाथों कराया 47.11 लाख रुपये के सड़क डामरीकरण कार्यों का भूमिपूजन

0

वर्षों का इंतजार खत्म, राबर्ट लाइन की दो सड़कों का होगा कायाकल्प
महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कन्या के हाथों कराया 47.11 लाख रुपये के सड़क डामरीकरण कार्यों का भूमिपूजन
कटनी। संत कंवरराम वार्ड के राबर्ट लाइन क्षेत्र में वर्षों से सड़क निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे नागरिकों को जल्द राहत मिलने वाली है। शुक्रवार, 16 अक्टूबर को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने वार्ड की कन्या के हाथों लगभग 47 लाख 11 हजार रुपये की लागत से होने वाले दो सड़क डामरीकरण कार्यों का भूमिपूजन कराया। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को धूल और गड्ढों से राहत मिलने के साथ आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
दोनों सड़कें क्षेत्र के प्रमुख मार्गों को जोड़ती हैं। पहली सड़क का निर्माण बजरंगबली मंदिर से अमर अमित आसरानी के घर तक लगभग 26 लाख 68 हजार रुपये की लागत से कराया जाएगा। वहीं, दूसरी सड़क रामचंद पोपटमल की आढ़त से जे.के. वॉच के मकान तक बनाई जाएगी, जिस पर लगभग 20 लाख 43 हजार रुपये खर्च होंगे। दोनों कार्यों की कुल स्वीकृत लागत 47 लाख 11 हजार रुपये बताई गई है।

गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा : महापौर
भूमिपूजन के अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य शहर के प्रत्येक वार्ड में बेहतर सड़क, पानी, प्रकाश और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कुछ तकनीकी कारणों से कार्यों में हुई देरी पर उन्होंने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है।
महापौर ने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए। कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ वार्ड के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचना चाहिए।

वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से क्षेत्रवासियों में खुशी
क्षेत्रीय पार्षद गोविंद चावला ने कहा कि संत कंवरराम वार्ड के राबर्ट लाइन क्षेत्र के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है। लंबे समय से सड़क डामरीकरण की प्रतीक्षा कर रहे नागरिकों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने विकास कार्यों में सहयोग के लिए महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड की समस्याओं के समाधान और नागरिकों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
भूमिपूजन कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, वंदना यादव, श्रीमती रेखा तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, गंगाराम कटारिया, समाजसेवी सौरभ अग्रवाल सहित स्थानीय नागरिक और गणमान्यजन उपस्थित रहे। सड़क निर्माण कार्यों की शुरुआत से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल रहा। नागरिकों ने महापौर और क्षेत्रीय पार्षद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि दोनों सड़कों का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed